मेरी ब्लॉग सूची

मंगलवार, 18 जनवरी 2022

संतबाबा कुलवंतसिंघजी और संतबाबा बलविंदरसिंघजी ने कर्मचारियों को सेवा में कायम करने हेतु प्रधान साहब से की चर्चा 

बोर्ड पदाधिकारी भी दिल बड़ा करें !

(जत्थेदार संतबाबा कुलवंतसिंघजी और संतबाबा बलविंदरसिंघजी कारसेवा वाले कर्मचारियों के शिष्टमंडल को आश्वस्त करते हुए)

गुरुद्वारा सचखंड बोर्ड में कार्यरत डेलीवेजस और बील मुक्ता कर्मचारियों को सेवा में कायम करने का विषय अब फरवरी माह के पहले सप्ताह में निर्णय तक पहुंचेगा ऐसी आस बंध गईं हैं. तखत साहब के सम्मानीय जत्थेदार जी संतबाबा कुलवंतसिंघजी और आदरणीय संतबाबा बलविंदरसिंघजी कारसेवावाले बाबाजी के संयुक्त प्रयासों के चलते बोर्ड के प्रधान स. भूपिंदरसिंघ मिनहास ने आज दोनों संतों के साथ फोन पर हुईं बातचीत में आश्वासन दिया कि बोर्ड कर्मचारियों को सेवा में कायम करने के विषय में, फरवरी के पहले सप्ताह में वें हजूर साहब आकर निर्णय लेंगे. मंगलवार तारीख 18 जनवरी, 2022 की शाम हुए इस घटनाक्रम के बाद कर्मचारी शिष्टमंडल ने संतों के अगले कदम (आदेश) तक संयम बरतने का निर्णय लिया हैं. कर्मचारी भाई - बहनों का यह निर्णय आदरणीय संतों के लिए एक आदर और विश्वास का प्रतीक भी है. दोनों संतों द्वारा समय निकालकर कर्मचारियों की समस्याओं पर सराहनीय पहल की गई हैं. अब गुरुद्वारा सचखंड बोर्ड के आदरणीय प्रधान साहब, पदाधिकारीगण और मेंबर साहिबान पर निर्भर करता हैं कि वें संतों की भावनाओं का सम्मान किस तरह से रखते हैं. 

(बड़ी हसरत लेकर सभी कर्मचारी संतों के दर पर बैठें हैं !)

यह समय है कि बोर्ड के पदाधिकारी और मेंबर साहिबान बोर्ड कर्मचारियों के साथ एकजूट होकर खड़ा रहें. पिछले छह - सात सालों से डेलीवेजस के अल्पवेतन में गुजर-बसर कर रहें कर्मचारी वर्ग की समस्याओं के लिए सभी अपना दिल बड़ा करें. प्रत्यक्ष में कर्मचारियों से जुड़े यह प्रलंबित विषय जिद्द, अहम और राजनीति के लिए नहीं हैं. चुनाव आते और जाते हैं. सत्ता, आती और जाती हैं. स्थिर रहता हैं तो केवल स्थानीय समाज ! यह समाज ही कर्मचारी भी हैं, मतदाता भी हैं और रिश्तेदार भी. इन्हीं की सहायता और आशीर्वाद से मेम्बरशिप भी मिलती हैं. यदि इनके आशीर्वाद को ठेंगा दिखाया गया तो भविष्य में किसी तरह की चतुराई के लिए स्थान नहीं मिल सकता. 

(इन विवश और मजबूर कर्मचारियों की दुआएं आपको बड़ा बनाएंगी!)


पिछले कुछ वर्षों में हमने बराबर यह महसूस किया हैं कि हमारी सामाजिक समस्याओं पर लड़ने या संघर्ष करने के लिए स्थानीय स्तर पर कोई प्रभावी नेता उभर नहीं रहा हैं. समाज की विविध समस्याओं पर लड़ने और आवाज उठाने के लिए ना नेता हैं और ना कोई विकल्प ! गुरुद्वारा सचखंड बोर्ड संस्था ही समाज की नेतृत्व संस्था है. लेकिन दुर्भाग्य कि यह संस्था भी हमारे काम नहीं करती हैं. पराधीन नेतृत्व को आज यथाशक्ति बल प्रोत्साहित करनेवाले सभी चेहरे आनेवाले कल की समस्याओं को लेकर अंजान हैं. छोटी बातों पर, छोटे विषयों पर राजनीति करने से कोई बड़ी उपलब्धि प्राप्त नहीं होती हैं. एक पत्रकार के स्वाभाविक दायित्व के चलते समाज के सामूहिक लाभ को लेकर मैं कुछ अपेक्षाएं व्यक्त कर रहा हूँ इसका अर्थ यह नहीं कि मुझे समाज का नेता बनना हैं. या किसी की राजनीतिक प्रतिमा को कम करके आँकना हैं. मेरी कोशिश यहीं रहती हैं कि समाज से अच्छे नेता उभरकर सामने आए. वें समाज के हितों के लिए राजनीति करें, ना कि समाज के साथ राजनीति करें ! 

(संतों का आशीर्वाद कर्मचारियों के सिर मत्थे लगें )

मुझे अहसास हैं कि, कुछ राजनीतिक लोग मुझे (स. रविंदरसिंघ मोदी) बिलकुल भी पसंद नहीं करते, क्योंकि मेरे द्वारा किये गए सवाल उन्हें उनकी राजनीतिक गतिशीलता में कुछ दिक्कतें खड़ी करते हैं. मेरा आशय व्यक्तिगत रूप से किसी का दिल दुखाना नहीं होता हैं. बल्कि आप लोगों से समाज का या गरीब वर्ग का काम करवाना मात्र होता हैं. जब मैं पाता हूँ कि समाज से कोई व्यक्ति कुछ कहने के लिए आगे नहीं बढ़ते हैं तब मुझे अखबार में अथवा ब्लॉग पर भाष्य करना पड़ जाता हैं. यदि समाज में कोई नेता सक्षम प्रतीत हो तब समाज को मेरे जैसे सामान्य व्यक्ति की जरुरत ही नहीं पड़ेगी. मैं भी स्वालंबी नेताओं के उभरने की बाट जो रहा हूँ. आज जब मैं इन कर्मचारी वर्ग के साथ खड़ा हूँ तो मेरा कोई निजी स्वार्थ नहीं हैं. इस साल (वर्ष 2022) के गुरुद्वारा बोर्ड अथवा महानगर पालिका चुनावों को लेकर भी मै खासा उत्साहित नहीं हूँ. मेरा विश्वास पत्रकारिता में ही है, नेतागिरी में नहीं हैं. इसलिए सम्मानित गुरुद्वारा बोर्ड से आग्रह करना चाह रहा हूँ कि कर्मचारियों के प्रलंबित समस्याओं के निराकरण के लिए अपना दिल बड़ा करें. धन्यवाद !

.....


सोमवार, 17 जनवरी 2022

 मुख्य ग्रंथी भाई राजिंदरसिंघजी जीवन की जंग हार गए !

आत्महत्या या मौत? 

गुत्थी कायम !

भाई राजिंदर सिंघजी, दिवंगत, हेड ग्रंथी पटना. 

सिखों के पवित्र पावन तखत श्री हरमिंदर साहब, पटना में मुख्य ग्रंथी के रूप में कार्यरत ग्रंथी भाई राजिंदरसिंघ जी आखिर अपने जीवन की जंग हार गए. सोमवार, 17 जनवरी की सुबह 3 बजने के करीब  उनका पटना के श्री गुरु गोबिंदसिंघजी अस्पताल में उपचार के चलते निधन हो गया. उनकी आयु 70 वर्ष थीं और उन्होंने लंबे अरसे तक तखत साहब में सेवा निभाई थीं. उनके परिवार के सूत्रों के मुताबिक पटना के खाजेकलां घाट पर उनके पार्थिव पर अंतिम संस्कार किया जायेगा. 

भाई राजिंदरसिंघजी की मौत ने कईं सवाल खड़े कर दिए हैं. उनकी मौत को लेकर सिखों के एक गुट ने तो हत्या होने की साजिश का आरोप लगाया हैं. जिसके बाद तखत हरिमंदर साहब पटना प्रबंधक कमेटी के प्रधान सरदार अवतारसिंघ हित की परेशानियां बढ़ गईं. उल्लेखनीय हैं कि तारीख 13 जनवरी, 2022 के दिन भाई राजिंदरसिंघजी उनके गुरुद्वारा स्थित निवास में गंभीर रूप से घायल हालात में पाए गए थे. उनकी गर्दन पर कृपाण का बना घाव पाया गया था. प्रथमदृष्टिया यह मामला आत्महत्या होने के संकेत दें रहा था. 

भाई राजिंदरसिंघजी को घायल अवस्था में अस्पताल में उपचार हेतु भर्ती करवाया गया. ता. 16 जनवरी को उनकी तबियत में सुधार होने की चर्चा थीं. लेकिन रात बीतने के बाद अचानक से उनकी मौत हो गईं. उनकी मौत पर पटना स्थित गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी से संबंधित दो गुटों में आरोप - प्रत्यारोप के दौर शुरू हो गए हैं. बहरहाल बुजुर्ग ग्रंथी भाई राजिंदरसिंघ जी को श्रद्धांजलि अर्पित हैं. 

..... 

 सिख श्रद्धालुओं के साथ हुईं मारपीट का निषेध

भोजपुर बिहार में ट्रक पर पत्थराव और तोड़फोड़!


(बिहार के भोजपुर में चंदा उगाही कर रहे युवकों के समूह बिहार के भोजपुर में सिख श्रद्धालुओं के साथ मारपीट और पत्थराव की घटना के बाद पुलिस से चर्चा करते हुए श्रद्धालु.)  


पटना स्थित तखत हरमिंदर साहब के दर्शन कर लौट रहें मोहाली, पंजाब निवासी सिख श्रद्धालुओं का ट्रक रोककर मारपीट और तोड़फोड़ किये जाने की घटना सामने आई है. इस घटना का सर्वप्रथम निषेध किया जाना चाहिए कि श्रद्धालुओं के साथ बीच सड़क पर गुंडागर्दी की घटना को अंजाम दिया जाता हैं. उपर्युक्त घटना को लेकर सभी सिख संस्थाएं निषेध जता रहीं हैं. 

प्राप्त जानकारी के मुताबिक मोहाली, पंजाब निवासी साधसंगत एक ट्रक द्वारा बिहार के पटना शहर स्थित तखत हरमिंदर साहब में दशमेश पिता श्री गुरु गोबिंदसिंघ जी महाराज का प्रकाशपर्व मनाने पहुँचीं थीं. प्रकाशपूरब को मनाकर साधसंगत 15 जनवरी को पंजाब की ओर रवाना हुईं. इस ट्रक में 40 पुरुष, 20 महिलाएं और दस से बारह बच्चें भी थे. यह ट्रक जैसे ही भोजपुर शहर अंतर्गत आरा - सासाराम, चरपोखरी के पास हाईवे पर आगे बढ़ा तो 20 से 25 युवकों के एक समूह ने रास्तें में ट्रक को रोक दिया. युवकों ने यज्ञ आयोजन के लिए चंदा देने की मांग की. चंदा मांगने वाले हिंदुत्व संघटनों के कार्यकर्ता थे ऐसी चर्चा सुनने को मिल रहीं हैं. जब चंदा देने को लेकर सभ्य भाषा का प्रयोग होने लगा तब ट्रक चालक तेजिंदर सिंघ ने चंदा देने से स्पष्ट मना कर दिया. 

इस पर उन युवकों ने ट्रक आगे नहीं बढ़ने दिया जायेगा कहकर ट्रक के सामने बैठ गए. उन्हें उठाकर रास्ता खुला करने के लिए वहां कोशिश शुरू की गईं. जिसके बाद जमकर बहस हो गई. कुछ युवकों द्वारा तेजिंदरसिंघ के साथ मारपीट की गईं. बीच बचाव करने वाले श्रद्धालुओं के साथ भी हाथापाई की गईं. वहां युवकों की भीड़ ने ट्रक की तोड़फोड़ की. कुछ देर पत्थराव किया गया. 

घटना में ट्रक में सवार श्रद्धालु मनप्रीतसिंघ, हरप्रीतसिंघ, बीरेंद्रसिंघ, बलबीरसिंघ, जसबीरसिंघ सहित 15 श्रद्धालुं घायल हो गये. घायलों का अस्पताल में उपचार करवाया गया. उपर्युक्त घटना की शिकायत भोजपुर पुलिस के पास प्रस्तुत की गईं हैं. लेकिन पुलिस द्वारा की गईं करवाई की जानकारी अभी प्राप्त नहीं हो पाई हैं. सिख श्रद्धालुओं पर हुए इस हमलें के बाद बिहार के मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार से गुहार लगाई जा रहीं हैं कि वें दोषियों के खिलाफ सख्त करवाई करें. हजूर साहिब की साधसंगत द्वारा भी घटना का निषेध किया जा रहा हैं. 

......

रविंदरसिंघ मोदी, हजुरसाहिब. 



रविवार, 16 जनवरी 2022

 कोरोना का "सुपर संडे"

24 घंटों में 2 लाख 71, 202 केसेस !

नांदेड़ में 643 पॉजिटिव

कोरोना संक्रमण के मामले तेज रफ़्तार से प्रसारित हो रहे हैं. रविवार (16 जनवरी) का दिन कोरोना संक्रमण के लिए जैसे "सुपर संडे" साबित हुआ. देश में पिछले 24 घंटों के दौरान कोरोना संक्रमण के 2 लाख 71 हजार 202 पॉजिटिव केसेस बढ़ें हैं. जिसके साथ ही संक्रमण दर भी 16.28 % से बढ़कर 16.66 % हो गईं हैं. तेज गति से प्रसारित हो रहा कोरोना और उसके साथ ओमीक्रॉन के मामले आनेवाले बड़े संकट की ओर इशारा कर रहे हैं. यदि कोरोना के मामले यूँ ही बढ़ते रहे तो महामारी की त्रासदी लंबे समय तक चलेगी और देश के नागरिकों के सामने एक बड़ा आर्थिक संकट खड़ा हो जायेगा. 

विगत 24 घंटों में संक्रमण के चलते 314 लोगों ने अपनी जानें भी गँवाई हैं. देश में कोरोना से हताहत होने वालों की संख्या अब 4 लाख 86 हजार 66 पर पहुँच गईं हैं. महाराष्ट्र की बात की जाए तो पिछले 24 घंटों में कोरोना के नये 46205 मामले प्रस्तुत हुए हैं. वहीं 23 लोगों की मौत हो जाने की पुष्टि हुईं हैं. 

नांदेड़ में रविवार को कोरोना केसेस में अचानक से उछाल आ गया. बीते 24 घंटों में जिले में कोरोना के नये 643 पॉजिटिव मामले पेश हुए हैं. एक दिन पूर्व में 421 मामले दर्ज हुए थे. उससे एक दिन पूर्व यानी 13 जनवरी के दिन 400 केसेस पॉजिटिव पाए गए थे. यदि कोरोना के मामले प्रतिदिन सौ से सवा सौ के अंकों से उछाल भरते रहेंगे तब जिले में और कड़े निर्बंध लागु करने पड़ सकते हैं. 

.......






 सोनू सूद के सम्मान में स्पाइसजेट एयरलाइन्स की पेशकश !

सोनू ने आज की विमान यात्रा 

विमान को रंगाया गया सोनू के चित्र से

स्पाइसजेट ने बोइंग 737 पर सोनू सूद के सेवाओं का चित्रण अंकित किया !

फिल्म अभिनेता सोनू सूद को कौन नहीं जनता. यह देश उनकी उन सेवाओं को कभी नहीं भुला सकता जो उन्होंने कोरोना संक्रमण के आपातकाल में जनमानस के लिए अर्पित की थीं. हजारों लोगों की सहायता कर सोनू सूद ने ऐसा कार्य कर दिखाया कि उन्हें देश का सर्वोच्च गौरव प्रदान किया जाए. वहीं उनकी सेवाएं अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर भी दर्ज करने जैसी हैं. जहाँ सरकारी यंत्रणाएँ नाकाम साबित हुईं, वहां सोनू सूद ने "मानव सेवा ही ईश्वर सेवा है" के महावाक्य को चरितार्थ कर दिखाया. सोनू सूद की उन्हीं सेवाओं को स्पाईसजेट विमान सेवा कंपनी ने याद रख कर उनके गुणगौरव में अपने  बोइंग 737 को सोनू के चित्र से रंग दिया. 

जब इस खबर के संबंध में सोनू सूद को पता चला तो उन्होंने उस बोइंग 737 से यात्रा कर समस्त घटनाक्रम का अवलोकन किया. इस अवसर पर स्पाइसजेट विमान कंपनी के प्रशासन ने सोनू सूद का सम्मान किया. स्टॉफ ने उनके साथ तस्वीरें भी खिंचवाई. विमान यात्रियों ने भी इस मौके पर सोनू सूद की जी भरकर सराहना की. 


देश में छाए कठीण संकट के समय सोनू सूद लोगों की सहायता के लिए आगे आए थे. उन्होंने सोशल मीडिया की सहायता से मदत मांगने वालों को यथा संभव सहायता पहुंचाई थीं. सोनू सूद के सम्मान में स्पाइसजेट की यह पहल सराहनीय हैं. 

.......




सरकार का निर्णय, एआईएमआईएम का विरोध! 

"दुकानों

 की तख्तियां मराठी में हो"

इम्तियाज जलील ने कसा तंज! 

मुख्यमंत्री श्री उद्धव ठाकरे, महाराष्ट्र : ऐतहासिक निर्णय !

महाराष्ट्र सरकार ने तारीख 12 जनवरी 2022 के दिन मंत्रिमंडल की विशेष बैठक में "मराठी भाषा संवर्धन पाक्षिक" को लेकर प्रदेश के सभी दुकानों की तख्तियां (बोर्ड) मराठी भाषा में लिखें जाने की अनिवार्यता लागु कर दी. मुख्यमंत्री श्री उद्धव ठाकरे के इस कदम के बाद मराठी भाषिकों में खुशी की लहर दौड़ गईं. लेकिन ए. आई. एम. आई. एम. के औरंगाबाद स्थित लोकसभा सांसद श्री इम्तियाज जलील ने इस विषय को लेकर तंज कसा हैं. उन्होंने हाल ही में एक ट्वीट कर कहा कि, चुनाव आते ही ऐसे विषय सूझते हैं. दुकानदारों के पास खाने के लिए पैसा नहीं हैं, वें दुकानों की तख्तियां (बोर्ड) कैसे बदलेंगे? सरकार को यदि भाषा पर इतना प्रेम है तो सरकार स्वयं दुकानदारों को मराठी में तख्तियां बनवाकर दें. 

औरंगाबाद के लोकसभा सांसद श्री इम्तियाज जलील (AIMIM) का ट्वीट

सांसद श्री इम्तियाज जलील के इस बयान के बाद औरंगाबाद में विषय तूल पकड़ेगा इसमें कोई संदेह नहीं है. साथ ही AIMIM के दबदबेवाले क्षेत्रों में विषय को लेकर विरोध छिड़ सकता है. मराठी भाषा के प्रचार और प्रसार को लेकर महाराष्ट्र सरकार द्वारा मंत्री मंडल बैठक में महाराष्ट्र दुकानें व आस्थापना कायदा 2017 में मूलभूत परिवर्तन उसे लागु किया है. सत्ताधारी शिवसेना पार्टी ने मराठी भाषा की अनिवार्यता को लेकर अक्सर आंदोलन चलाये हैं. शिवसेना की तरह ही महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) ने भी मराठी की अनिवार्यता को लेकर आंदोलन किये थे. लेकिन इस बार शिवसेना द्वारा दुकानों की तख्तियों को मराठी में लिखने की अनिवार्यता पर मुहर लगाकर 'मनसे' को मात दी हैं. आनेवाले समय में मुंबई महानगर पालिका और औरंगाबाद महानगर पालिका के चुनावों में मराठी विषय में तख्तियों की अनिवार्यता को लेकर राजनीतिक द्वंद छिड़ सकता हैं. 

बहरहाल AIMIM के बयान पर औरंगाबाद में शिवसेना नेताओं ने अभी तक कोई जवाब जारी नहीं किया हैं. भारतीय जनता पार्टी और मनसे भी चुप - चुप हैं. सरकार द्वारा जारी निर्णय से गैरमराठी भाषिकों में विचलन दिखाई दें रहा हैं. विशेषकर मुंबई में इस निर्णय को लेकर मिलेजुले परिणाम देखने को मिल सकते हैं. 

.......





शनिवार, 15 जनवरी 2022

 झारखंड का गिरोह नांदेड़ में गिरफ्तार !

नांदेड़ और परभणी के साप्ताहिक बाजारों से चुराए मोबाइल फोन !

साप्ताहिक बाजारों से मोबाइल फोन चुराने वाले झारखण्ड राज्य के एक गिरोह को भाग्यनगर पुलिस थाना द्वारा गिरफ्तार कर चार लाख मूल्य के मोबाइल फोन जब्त किये गए. पुलिस अधीक्षक डॉ प्रमोद शेवाले और अन्य अधिकारी. 

नांदेड़ शहर के भाग्यनगर पुलिस ने साप्ताहिक बाजारों में मोबाइल फोन चोरों के पांच सदस्यीय गिरोह को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार किये गए सभी पांच सदस्य झारखंड राज्य के साहबगंज के निवासी बताएं जा रहे हैं. पुलिस ने करवाई को अंजाम देते हुए गिरोह के पास से चार लाख मूल्य के कुल सोलह फोन बरामद कर लिए हैं. गिरोह से अभी पूछताछ जारी हैं. 

प्राप्त जानकारी के मुताबिक भाग्यनगर पुलिस थाना क्षेत्रान्तर्गत साप्ताहिक सब्जी बाजारों में आए दिन मोबाइल फोन चोरी होने की घटनाएं पेश हो रहीं थीं. इस सन्दर्भ में पुलिस थाना में मोबाइल फोन चोरी के संबंध में दो शिकायतें भी दर्ज हुईं थीं. उपर्युक्त विषय को लेकर जिला पुलिस अधीक्षक डॉ प्रमोद शेवाले, अप्पर पुलिस अधीक्षक श्री नीलेश मोरे, अप्पर पुलिस अधीक्षक श्री विजय कबाड़े, पुलिस उपाधीक्षक श्रीमती अर्चना पाटिल, उपविभागीय पुलिस अधिकारी श्री चन्द्रसेन देशमुख आदि द्वारा मोबाइल फोन चोरों की खोजबीन को लेकर कड़े निर्देश जारी किये गए थे. घटना की जाँच को लेकर पुलिस थाना निरीक्षक श्री सुधाकर आड़े ने जाँच पथकों की रचना की. स्थानीय अपराध शाखा के सहायक निरीक्षक शुशांत शिनगे और उनके टीम के कर्मचारी संजय कलके, प्रदीप गर्दनमारे, हनवता कदम, सुमेध पुंडगे आदि द्वारा सिविल वर्दी में पेट्रोलिंग कार्य शुरू किया गया. ता. 12 जनवरी के दिन इस समय एक गुप्त खबरी द्वारा पथक को खबर दी गई कि झारखंड निवासी पांच लोगों का एक गिरोह बाजार में सक्रिय हैं. पुलिस पथक ने तुरंत छानबीन शुरू की तब बाजार से वह गिरोह नदारद हो गया था. 

छानबीन के चलते खबर मिली कि शहर के हिंगोली गेट क्षेत्र में एक ट्रैवल्स बस की प्रतीक्षा करते बाहर राज्यों के निवासी खड़े हैं. पुलिस पथक ने तुरंत हिंगोलीगेट क्षेत्र स्थित खुराना ट्रैवेल्स के पास पहूंच कर संदिग्धावस्था में खड़े पांच लोगों की टोली को हिरासत में लिया. शुरुआती पूछताछ में उन्होंने संतोषजनक उत्तर नहीं दिया. जिसके बाद पुलिस ने उन्हें वरिष्ठ अधिकारियों के पास पेश कर तलाशी लीं. उनके पास से 4 लाख 2 हजार 500 मूल्य के कुल 16 मोबाइल फोन बरामद हुए. भाग्य नगर पुलिस थाना में अपराध नंबर 16/2022 और 18/2022 के अंतर्गत दर्ज आई. पी. सी. की धारा 379 के तहत करवाई कर आरोपियों को न्यायालय में पेश किया. गिरफ्तार किये गए आरोपी 1) शेख शोएब पिता शेख उमर, महाराजपूर, साहबगंज, 2) शेख दिलावर शेख नसीरुद्दीन, महाराजपूर, साहबगंज, 3) शेख जियाद शेख मुजाहिद, महाराजगंज निवासी झारखण्ड और दो बालकों का समावेश हैं. दोनों बालकों को रिमांडहोम भेजा गया हैं. इस गिरोह के द्वारा नांदेड़ और परभणी के साप्ताहिक बाजारों में मोबाइल फोन चुराए जाने की जानकारी मिली हैं. 

........




 यदि आप लंबी यात्रा करने की योजना में हो तो खतरा ना उठाइये !

जानिए प्रमुख वजह जो आपकी परेशानी खड़ी कर सकते हैं ! 

देश की वर्तमान अनिश्चित संक्रमण प्रसार परिस्थिति और विविध राज्यों द्वारा की जा रहीं कोरोना संक्रमण प्रतिबंधात्मक लॉकडाउन की पेशकश के हालातों में यदि आप लंबी यात्राओं पर निकालना चाह रहे हो तो यह कदम आपके लिए कईं तरह की परेशानियां खड़ी कर सकता हैं. वर्तमान समय में रेल यात्रा, बस यात्रा और भीड़भाड़ वाले स्थानों की यात्रा एक बहुत बड़ा जोखिम मोल लेनेवाली बात साबित हो सकती हैं.  !

कोरोना संक्रमण और ओमीक्रॉन के लगातार बढ़ रहे केसेस के चलते देश के विविध राज्यों में आपात हालात बढ़ रहे हैं. गत 24 घंटों में 2 लाख 64 हजार से अधिक मामले प्रस्तुत हुए हैं. ओमीक्रॉन मरीजों की संख्या भी साढे छह हजार पहूंच गईं हैं. इन हालातों पर चिंता व्यक्त कर आगे के लिए सुरक्षा प्रदान करने की दृष्टि से कड़े उपाय लागु करने की दिशा में देश अग्रेसर हैं. दस से अधिक राज्यों की सरकारों द्वारा रात का कर्फ्यू लगाने के बाद अब 24 घंटों के लंबे अवधि के लॉकडाउन लगाने पर विचार किया जा रहा हैं. यदि कोई राज्य सरकार अथवा केंद्र सरकार अचानक से लॉकडाउन घोषित कर दें तब यात्रा कर रहे लोगों के लिए बड़ी परेशानी खड़ी हो सकती हैं. आपको अपने घर और कारोबार से दूर अनिश्चित वातावरण में रहना पड़ सकता हैं. इसलिए यात्रा करने के संबंध में निर्णय सोचसमझकर लीजियेगा. 

इस समय देशभर में शीतलहर जारी हैं. बहुत से सैलानी ऐसे समय पहाड़ों का रुख करते हैं. या किसी खूबसूरत हील स्टेशन पर मौसम का लुत्फ़ उठाना चाहते हैं. उनके लिए भी यह समय यात्रा के लिए ठीक नहीं होगा. मौसम कोई भी करवट बैठ सकता हैं. देश में वर्तमान समय में शीतलहर और कोहरा छाने की घटनाएं जारी हैं. ऐसे समय में सड़क दुर्घटनाओं में वृद्धि होना स्वाभाविक बात हैं. कोहरा और धुंध के कारण देश के उत्तरी भाग में बहुत सी रेलगाड़िया स्थगित कर दी गईं हैं. यदि आपके पास यात्रा के लिए रेलगाड़ी का विकल्प हैं तो भविष्य में परेशानी खड़ी हो सकती हैं. 

तीसरा कारण यह हैं कि, अभी पांच राज्यों में चुनाव के हालात व्याप्त हैं. चुनावी गतिविधियों के चलते अचानक से हिंसा भड़क जाना या आपात स्थिति लागु होने की संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता है. इसलिए चुनावी माहौल में लंबी दूरी की यात्रा का निर्णय सोचसमझकर लीजिएगा. 

.... 

रविंदरसिंघ मोदी



शुक्रवार, 14 जनवरी 2022

 एडवोकेट सुरेंदरसिंघ लोनीवाले बनें स्वीकृत सदस्य!

नांदेड़ जिला अभिवक्ता संघ ने किया सामूहिक चयन !

(नांदेड़ जिला अभिवक्ता संघ में स्वीकृत सदस्य के रूप में चयनित होते समय स. सुरेंदरसिंघ लोनीवाले)

नांदेड़ 14 जनवरी : 

नांदेड़ जिला न्यायालय अंतर्गत नांदेड़ जिला अभिवक्ता संघ द्वारा युवा अभिवक्ता स. सुरेंदरसिंघ लोनीवाले का सामूहिकरीतिया अभिवक्ता संघ का सदस्य घोषित किया हैं. शुक्रवार, तारीख 14 जनवरी, 2022 के दिन नांदेड़ जिला अभिवक्ता संघ के अध्यक्ष एडवोकेट श्री सतीश पुण्ड और उनके सहकारी पदाधिकारियों स्वीकृत सदस्य नियुक्ति का अनुबंध पत्र एड. सुरेंदरसिंघ को सौंपकर बधाई दीं. 

इस अवसर पर अभिवक्ता संघ के सचिव एडवोकेट नितीन कागणे, विशेष सहायक एडवोकेट अजीम सिद्दीकी और अन्य पदाधिकारी भी उपस्थित थे. उल्लेखनीय है कि नांदेड़ जिला अभिवक्ता संघ कार्यकारिणी के चुनाव कुछ दिन पूर्व ही संपन्न हुए थे. एडवोकेट श्री सतीश पुण्ड के प्रमुख नेतृत्व में नई कार्यकारिणी का गठन भी संपन्न हुआ. अभिवक्ता संघ चुनावों के दौरान एड. सुरेंदरसिंघ ने एडवोकेट सतीश पुण्ड के पैनल के प्रचारक की अहम भूमिका पूर्ण की थीं. 

नांदेड़ जिला न्यायालय कक्षा में लगभग तेरह सौ अभिवक्ता कार्यरत हैं. उनमें से श्री लोनीवाले का चयन किया जाना मकरसंक्रांति त्यौहार के समय सचमुच एक मीठा समाचार है. स्वीकृत सदस्य कार्यकाल के लिए उन्हें सभी ओर से शुभकामनायें मिल रहीं हैं. 


 लॉकडाउन की ओर बढ़ते कदम....? 

महाराष्ट्र में चिंता !

File photo of previous lockdown !

देश में कोरोना कोविड संक्रमण ने नववर्ष की शुरुआत से ही हाहाकार मचाना शुरू कर दिया हैं. पिछले 24 घंटों की बात की जाए तो कोरोना कोविड संक्रमण के नये मामले 2 लाख 64 हजार से अधिक प्रस्तुत हुए हैं. चिंतावाली बात है कि एक दिन में कोविड संक्रमित 315 लोगों की देश में मौत की ख़बर है. शुरू से अभी तक की परिस्थिति का अवलोकन लिया तो देश में कोविड संक्रमण के कुल 3 करोड़ 63 लाख से ज्यादा मामले दर्ज हुए हैं. जिनमें 4 लाख 85 हजार से अधिक लोगों ने जान गंवाई हैं. 

महाराष्ट्र में चिंता !

महाराष्ट्र में कोरोना से सर्वाधिक चिंता व्याप्त है. क्योंकि महाराष्ट्र में  कोविड संक्रमितों का अंक 70 लाख 30 हजार से अधिक है. कोरोना से हुईं मौतों के मामलों में भी महाराष्ट्र सबसे आगे हैं. प्रदेश में कोविड से 1 लाख 42 हजार मौतें होने की पुष्ठी हुईं हैं. यह आंकड़े बहुत कुछ दर्शा रहे हैं. वहीं संकेत भी कर रहे हैं कि खतरा अभी टला नहीं हैं. मुंबई में आज नये से 13, 700 से ज्यादा केसेस पेश हुए हैं. ठाणे जिले में 61 हजार 490, पुणे जिले में 38000,  नासिक 7613, नागपुर 6568 केसेस पाए गये. महाराष्ट्र प्रदेश में 46 हजार से ज्यादा केसेस दर्ज होने से चिंता व्यक्त हो रहीं हैं. 

Nanded : एक ही दिन में 553 नये मामले !

नांदेड़ जिले में आज 553 नये मामले उजागर हुए जिससे जिल्हा प्रशासन की चिंताएं बढ़ गईं हैं. महाराष्ट्र में कोरोना कोविड केसेस में आए उछाल को देखते हुए यह कहा जा सकता हैं कि हम लॉकडाउन की ओर बढ़ रहे हैं. अभी रात 11 से सुबह 5 बजने के बीच कर्फ़्यू के हालात व्याप्त हैं. आगे फरवरी माह आते आते 12 घंटों का कर्फ्यू अथवा बाजार बंद की भूमिका अपनाई जा सकती हैं. फरवरी, मार्च और अप्रेल के यह तीन माह हर दृष्टि से लॉकडाउन के संकट से ना गुजरे यह संभावना व्यक्त हो रहीं हैं. मार्च के अंतिम सप्ताह और अप्रेल के महीने शुरुआत में सर्वाधिक दिक्क़तें बढ़ सकती हैं ऐसा अंदेशा मिल रहा है. यदि सार्वजनिक उत्सव, सभा और अनुशासनहीन बाजार के रवैये पर नकेल कसीं जाए तो स्थिति में सुधार होने की संभावना रहेगी.

(रविंदरसिंघ मोदी)


बुधवार, 12 जनवरी 2022

 संत बाबा कुलवंतसिंघजी ने जत्थेदार के रूप में बाईस साल की सेवा पूर्ण की !

23 वें साल में पदार्पित हुए !

संतबाबा कुलवंतसिंघजी, जत्थेदार जी. 

रविंदरसिंघ मोदी 
तखत सचखंड श्री हजुरसाहिब यह धार्मिक स्थल एक जागृत ऊर्जास्थल है. सिख धर्म ही नहीं अपितु अनेक धर्मों के अनुयायियों की यहाँ श्रद्धा व्याप्त हैं. इस पावन स्थान की सेवा में संतबाबा कुलवंतसिंघजी ने बाईस साल पूर्ण कर लिए. तिथि 13 जनवरी, 2022 को बाबाजी जत्थेदार पद की सेवा के 23 वें वर्ष में पदार्पित होंगे. बाबाजी को यथाशक्ति श्री गुरु गोबिंदसिंघजी महाराज के पवित्र स्थान की सेवा निभाने के लिए समस्त हजुरसाहिब की साधसंगत की ओर से बहुत - बहुत बधाई और शुभकामनायें. 

आज से 22 वर्ष पूर्व तारीख 12 जनवरी, 2000 के दिन तखत साहब के साबका जत्थेदार संतबाबा हजुरासिंघजी का स्वास्थ्य विचलित हो जाने के कारण उन्हें अस्पताल में उपचार हेतु दाखिल करवाना पड़ गया था. संतबाबा हजुरासिंघजी ने उनकी जीवन यात्रा त्याग दीं. उस आपातस्थिति में संतबाबा कुलवंतसिंघजी तखत साहिब की सेवा में प्रविष्ठ हुए थे. तारीख 13 जनवरी को संतबाबा कुलवंतसिंघजी के सेवा में शामिल होने का संस्मरण ताजा किया जाता हैं. आज इस महान स्थान पर बाबाजी ने 22 वर्षों की सेवा पूर्ण कर लीं. तखत साहब पर जत्थेदार के रूप में दीर्घकाल सेवा करनेवाले जत्थेदारों की सूची में संतबाबा कुलवंतसिंघजी पाँचवें पायदान पर विद्यमान है. 

(संतबाबा कुलवंतसिंघजी)

इस महान तखत की सेवा में सर्वाधिक सेवा करने का भाग्य साबका जत्थेदार भाई साहब (संतबाबा) चढ़त सिंघजी को जाता है. जिन्होंने 50 सालों तक अखंड सेवा निभाई थीं. संतबाबा हीरासिंघजी ने 26 सालों तक सेवा निभाई. उनके पश्च्यात संतबाबा जोगिंदरसिंघजी मोनी बाबाजी ने 25 वर्षों तक जत्थेदार पद पर सेवा में योगदान दिया था. उनके बाद 23 वर्षों की दीर्घसेवा संतबाबा मानसिंघजी के भाग्य में रहीं थीं. संतबाबा कुलवंतसिंघजी द्वारा 22 वर्षों की निरंतर सेवा अपने आप में एक इतिहास है. सबसे उल्लेखनीय पहलु यह है कि बाबाजी के जत्थेदार पद पर सेवारत रहते हुए हजुरसाहिब की धरती पर अटल गुरु, धन धन श्री गुरु ग्रन्थसाहिबजी के गुरुतागद्दी का भव्य - दिव्य त्रिशताब्दि समारोह संपन्न हुआ. सिख इतिहास से जुड़ी कुछ अन्य शताब्दियां भी इस दौरान मनाई गईं.  इंग्लैंड की एक संस्था द्वारा संतबाबा कुलवंतसिंघजी को तीन वर्ष पूर्व में सर्वशक्तिशाली सिख की उपाधि घोषित कर बहुमान पेश किया  गया. जो वास्तव में हजुरसाहब के सिखों के लिए भी गौरव का क्षण था. 

देश के पांच तख्तों की तुलना में श्री हजुरसाहिब स्थित तखत साहब की सेवा को पारंपरिक दायित्व के रूप में संचालित करना बेहद कठीण बात है. इस सेवा की अनुपालना के लिए तत्परता, समर्पण और साधना की आवश्यकता होती हैं जो भाग्यशाली हस्तियों को ही प्राप्त होती हैं. श्री गुरु गोबिंदसिंघजी महाराज के जागृत सिंहासन साहिब की प्रतिदिन की सेवा, शस्त्रं सजाने की नियमित सेवा, भोग और अन्य परंपरागत सेवाओं को समयानुसार निभाना बहुत ही कठीण दायित्व हैं. साथ ही श्री गुरु ग्रंथसाहिब जी महाराज के नियमित प्रकाश की सेवा समय से सुखासन सेवा तक की सभी विधियों का संचालन आदि भी जत्थेदार साहिब और आदरणीय पंजप्यारे साहिबान के संयुक्त सहकार्य में संचालन होता हैं. यहाँ की मर्यादा, परंपराएं और उत्सव प्रणाली भिन्न हैं. यहाँ के धार्मिक गतिविधियों का संचालन अपने आप में एक गरिमा की बात है. इस स्थान पर सेवा का दायित्व निभा रहें संतबाबा कुलवंत सिंघजी को सेवा का बल और ऊर्जा यूँ ही मिलते रहे. गुरु गोबिंदसिंघजी महाराज का आशीर्वाद बाबाजी के सिर रहें इस अरदास के साथ हार्दिक शुभकामनायें और बधाई. 

..................

मंगलवार, 11 जनवरी 2022

गरीब कर्मचारियों की बद्दुआएं ना लीजिए !

जता जताकर और सता सताकर ! 

दिया जाए तो उसका मोल क्या ? 

रविंदरसिंघ मोदी 

(तखत सचखंड श्री हजूर साहब जो मुरादों की पूर्ति का दर हैं !)

गुरुद्वारा तखत सचखंड बोर्ड के अलिप्त प्रधान साहब और उनके "मंत्री मंडल" से मुखातिब होने के ऐसे में अवसर ही नहीं मिल पा रहे हैं. मुद्दत हो गईं है कि माननीय प्रधान साहब हजूर साहब का रुख नहीं कर रहे हैं. उनके दायित्व के अधीन बोर्ड कार्यालय, पॉलिसी मैटर, त्योहारात, पूजा पाठ, कर्मचारी, मैनेजमेंट, कार्यप्रणाली और बोर्ड से जुड़ी संभावनाओं की भी वे सुध ले रहे हैं कि नहीं, पता नहीं. संस्था का सारा दायित्व अपने "मंत्री मण्डल" पर छोड़ कर वें मुंबई, औरंगाबाद आदि स्थानों से ईमेल द्वारा मंजूरी देने का काम जारी रखें हुए हैं. बहुत महीनों से वें हजूर साहिबवालों के फोन भी रिसीव नहीं कर रहे हैं. उनकी व्यस्तता, व्यवसाय और स्वास्थ्य आदि का विचार कर हम भी महीनों में कभी एखाद बार उन्हें फोन पर संपर्क करते हैं पर वें उठाते ही नहीं. साहब जिद्द के बड़े पक्के है. जो धारणा मन में बना लेते हैं उस पर अडिग रहते हैं. एक संपन्न और अच्छे व्यवसायी होने के उनके तमाम गुणों का मैं व्यक्तिगत रूप से प्रशंसक रहा हूँ. यद्यपि ऐसा हो भी, तब भी, उनमें और उनके मंत्री मंडल के कामकाज और निर्णय आदि को लेकर बहुत बड़ा अंतर नजर भी आ रहा हैं. अंत में प्रधान साहब का निर्णय वहीं होता है जो मंत्री मंडल का होता हैं. नौ लोगों में बोर्ड का कामकाज चलाकर वैसे भी उन्होंने अपनी राजनीतिक सूझबूझ भी सुदृढ़ होने का संकेत दें दिया हैं. अब बाबा रामदेव और देवेंद्र का दिव्य साथ मिल जाए और उद्धव जी की सरकार पर पासे बैठ जाए तो निश्चित ही अगली सत्ता भी उनकी ही होंगी. उन्हें शुभकामनायें !

डेली वेजस, बिलमुक्ता और पर्मनन्ट कर्मचारियों की समस्याओं को सुनता कौन हैं !

यह पोस्ट ! प्रधान साहब की सेवा में एक खुले पत्र के रूप में बहुत ही नम्रतापूर्वक प्रस्तुत कर रहा हूँ. आशा इस पत्र का अस्वाद प्रधान साहब ही नहीं उनका मंत्रिमंडल भी उठाएगा. महाराष्ट्र सरकार द्वारा तारीख 8 मार्च, 2018 के मुहूर्त पर प्रधान साहब को गुरुद्वारा बोर्ड का "अध्यक्ष" इसलिए नियुक्त किया गया था कि वें अपनी प्रबलता, यथाशक्ति, बुद्धि कौशल्य से बोर्ड संचालन की "सेवा" का दायित्व निभाए. श्री गुरु गोबिंदसिंघजी महाराज के इस पावन स्थान (तखत साहब) की सेवा और प्रबंध निभाए. लेकिन प्रधान साहब जी द्वारा बोर्ड संचालन के दायित्व और अधिकार जैसे बांट दिए गए है. पिछले तीन सालों में बार - बार यह अहसास भी यदा कदा महसूस होता ही रहा कि सरकार द्वारा नियुक्त प्रधान साहब के अलावा कोई और शक्तियां बोर्ड की व्यवस्था देख रहीं हैं. मेरे जैसे एक सामान्य सिख व्यक्ति के मन में बहुत बार यह बात मुँह तक आ जाती हैं कि, यह बोर्ड "अध्यक्षीय नेतृत्व" वाला लग नहीं रहा! साहब! बोर्ड का प्रत्यक्ष में "वाली" कौन है? यह प्रश्न हमने किया भी था ! न्यूज़ पेपर्स तो शायद आप पढ़ते ही नहीं. दूसरा यह कि सवाल के जवाब नहीं देने का आपका कथित अनुशासन भी बाधाएं खड़ी किये हुए हैं. खैर छोड़िए!8

आस्था का घर ! उम्मीदों का दर !!

प्रधान साहब से यहीं एक प्रश्न पूछने की मनोकामना थी कि बोर्ड में सेवारत अस्थाई और स्थाई कर्मचारियों के प्रलंबित प्रश्नों को आप कब तक टालते रहोगे? और कितने समय तक गरीब परिवारों को रुसवा करते रहोगे? संस्था के एक नंबर के प्रमुख होने के नाते आपसे इस विषय में प्रश्न करने का अभिव्यक्ति अधिकार हमें प्राप्त है. डेली वेजस और बिलमुक्ता कर्मचारियों को सेवा में पक्का करने का विषय पिछले पांच से छह सालों से प्रलंबित है. तीन - चार सौ से ज्यादा अस्थाई कर्मचारी महज सात से आठ हजार रुपयों के अल्प वेतन में अपना घर चला रहे हैं. अल्प वेतन में वें बीमारी, संक्रमण, बच्चों की पढ़ाई आदि समस्याओं से जूझ रहे हैं. दो साल की सेवा के बाद अस्थाई कर्मचारी अथवा बीलमुक्ता कर्मचारियों को सेवा में पक्का करने की शुरू से प्रैक्टिस चलीं आ रहीं हैं. सरकारी नियमों के तहत एक साल की निरंतर सेवा के बदले अस्थाई कर्मचारी को सेवा में पक्का करने के प्रावधान भी उपलब्ध हैं. आपके बोर्ड में डेलीवेजस और बिलमुक्ता हैसियत पर क्लर्क या सेवादार के रूप में पिछले पांच से छह सालों से कर्मचारी सेवा निभा रहे हैं. बार - बार आपको ज्ञापन, निवेदन दिए जाते हैं, भेजें जाते हैं. लेकिन उन पर कोई सुनवई नहीं होती हैं. क्या आप में निर्णय क्षमता नहीं है? क्या आपके निर्णय लेने के अधिकार किसी अन्य ओहदेदार के अधीन हो चले हैं? सच मानिये ऐसी चर्चाएं आए दिन सुनने को मिल रहीं हैं! इसलिए सोचा आपको सीधे ही प्रश्न कर लिया जाएं कि "सच्चाई क्या है? " आप ही परिस्थिति का सत्यकथन कर सकते हो. 

प्रधान साहब, पिछले छह सालों से छह से सात हजार रूपये अल्प वेतन में सेवाएं निभा रहे यह अस्थाई कर्मचारी हर मेंबर साहब के पास अर्जियां देकर, हाथ जोड़कर प्रार्थना करते आ रहे हैं कि उन्हें सेवा में पक्का किया जाएं. 80 % से 90 % कर्मचारी विवाहित है. परिवार वाले हैं. उनकी भी आर्थिक समस्याएं हैं. कर्मचारियों की या उनके परिवारों की बद्दुआएं मत लीजिए. परमात्मा ने आपको सब कुछ दिया हुआ हैं. आपके परोपकारी चरित्र पर बद्दुआओं की छाया ना पड़ने दीजिए. तीन साल का समय देखते - देखते निकल गया! क्या साध्य हुआ? आप सरकार नियुक्त प्रधान हो. आपको इन कर्मचारियों को सेवा में पक्का करने का अधिकार प्राप्त है. "बोर्ड मीटिंग की आस" पर भी पक्का किया जा सकता हैं. या विशेष प्रस्ताव बनाकर आप सहित सभी नौ लोगों की दस्तखत लेकर आप आदेश जारी कर सकते हो. कुछ विषयों को लेकर फिल-हाल न्यायालयीन दिक्कत की परिस्थिति संभव हो सकती हैं. लेकिन आनेवाले दो से तीन सप्ताह में बाद न्यायालयीन स्थिति भी स्पष्ट हो जायेगी. 

आप प्रधान (प्रमुख) होने के नाते आपको अधिकार प्राप्त है कि आप कर्मचारियों के हितों के विषय में निर्णय पारित करें. बीच में दो साल पहले आपने एक मीटिंग में मात्र एक कर्मचारी को सेवा में पक्का किया गया था! उस समय स्वयं मेंबर साहिबान ने भी सवाल उठाये थे! कौनसी इमरजेंसी थी, कौन से नियम और पात्र कर्मचारियों को सेवा में पक्का नहीं करने के क्या कारण थे आदि सवाल आप तक पहुँचाएँ गए थे. कर्मचारी भाई सुपरिन्टेन्डेन्ट कार्यालय के बाहर धरने पर भी बैठें थे. सेवा में पक्का करने के आश्वासन देकर तब उन्हें धरने पर से उठाया गया था. मेंबर साहिबान भी उस समय उपस्थित थे, वें आपको प्रसंग वर्णन कर सकते हैं. बाद में आश्वासन पुरे नहीं किये गए. दो साल निकल गए. 

प्रधान साहब ! हम तो चाह रहे हैं कि आपके कार्यकाल में यह पात्र सभी कर्मचारी सेवा पक्का होकर आपको दुआएं दें. इन परिवारों की दुआएं आपको मिले. सोचिए साहब, इन गरीब कर्मचारियों को बाद में (इलेक्शन के मौके पर) जता जताकर और सता सताकर सेवा में पक्का किया भी जायेगा ना साहब. उससे ना आपको दुआएं मिलेगी ना आपके साथियों को वोट मिलेंगे. डेली वेजस और बिलमुक्ता कर्मचारियों के और उनसे संबंधित परिवारों के वोटों की संख्या 2700 से 2900 के लगभग है! कोई संभ्रम में ना रहे कि सताए गए कर्मचारियों की आगे मानसिकता क्या हो सकती. पत्रकारिता में स्टैटिस्टिक्स पर ध्यान देना ही होता है. ग्राफ किसी भी करवट जा सकता है. अब 4500 हजार वोट संख्या पाकर (जुगाड़ कर) इलेक्शन जीता जा सकता हैं. नांदेड़ शहर के 2900 वोट कम नहीं हैं. गुरु महाराज जी के आशीर्वाद से हमारे कर्मचारी भाई - बहन आज इस परिस्थिति में नजर आ रहे हैं कि किसी का भी ग्राफ ऊपर चढ़ा दें या किसी का भी ग्राफ नीचे उतार दें ! 

साहब जी! आपकी प्रधानगी में वरिष्ठ कर्मचारी वर्ग के साथ भी बहुत सौतेला व्यवहार देखने को मिला हैं. वरिष्ठ पात्र कर्मचारियों को समय पर ग्रेड नहीं मिल पाए, पदोन्नति में अन्याय, पोस्टिंग में अन्याय होता देखा गया हैं. कुछ पात्र वरिष्ठ कर्मचारी तो सेवानिवृत्त हो चले हैं. महिला कर्मचारियों के साथ पदोन्नत्ति में भेदभाव के आरोप भी लगते रहे हैं. एक वरिष्ठ महिला कर्मचारी अभी सेवानिवृत्ति के निकट है. परिश्रमी होने के बावजूद भी उस सीनियर बहन को ना प्रमोशन ना ग्रेड हीं दिया गया ! न पदोन्नति! जिन पर मंत्रिमंडल की मेहेरबानी वालों को आसानी से मिल गया है. जिनका अधिकार मारा गया, जिनकी पात्रता नजरअंदाज की गईं, वें तो बद्दुआएं ही देंगे ना साहब ! 

आपके तीन सालों के टर्म में सस्पैंड कर्मचारियों के विषय लटका कर रखें गए हैं. सालों हो गए ! कुछ तो सेवानिवृत्त हो चले. पर उनके भविष्य और जीवन के बारे में निर्णय नहीं लिए गए. 2015 से लेकर अभी तक, सस्पैंड कर्मचारी मामलों के संबंध में कितनी जाँच कमेटियां बनीं और जाँच अधूरी रह गई. सालों - साल निर्णय लटके हुए. जो कर्मचारी निर्दोष है, जिन पर परिवार की जिम्मेदारी है वें इस समय कितने दबाव में हैं आप अंदाजा नहीं लगा सकते. इन कर्मचारियों के विषय में कोई ना कोई निर्णय लेना ही होगा. पर आप कोई ठोस कदम उठाने को राजी ही नहीं है. आपके सुपेरियर प्रबंधन का कोई अस्तित्व है भी कि नहीं ! 

उम्मीद है साहब, जो हो गया उसे भूलकर, आप स्वस्थ और उदार मन से कर्मचारी वर्ग के हितों की रक्षा में निर्णय लेंगे. अब तो आदरणीय संतों ने भी गुहार लगाई है. उनका सम्मान किस तरह से रखना है विचार कीजियेगा बाकी इन कर्मचारियों के साथ हम यहाँ आशावादी बनें हुए हैं. मेरी कोई बात असहज प्रतीत हो रहीं हैं तो वें इन कर्मचारी भाई और बहनों के आत्मा की आवाज मानकर क्षमा कीजियेगा. धन्यवाद !

....

 

सोमवार, 10 जनवरी 2022

श्री गुरु गोबिंदसिंघ जी का प्रकाशपर्व 2022

 श्री गुरु गोबिंदसिंघजी महाराज का प्रकाशपर्व मनाया !

नगरकीर्तन खेलकर मनाई खुशियाँ!

(तखत सचखंड श्री हजुरसाहिब, नांदेड़ )

तखत सचखंड श्री हजूर साहब नांदेड़ के पावन स्थान पर रविवार, 9 जनवरी, 2022 की सुबह तड़के, तिथिनुसार, खालसा पंथ के संस्थापक, दशम पिता श्री गुरु गोबिंदसिंघजी महाराज का प्रकाश पर्व मनाया गया. आदरणीय जत्थेदार जी संतबाबा कुलवंतसिंघजी, मीत जत्थेदार संतबाबा ज्योतिंदरसिंघजी, सहायक जत्थेदार संतबाबा रामसिंघजी, हेड ग्रंथी सिंघसाहिब भाई कश्मीरसिंघजी, मीत ग्रंथी सिंघसाहब भाई गुरमीतसिंघजी ने गुरु महाराजजी के पावन प्रकाशपर्व दिहाड़े के सभी धार्मिक विधियों का संचालन किया. सुबह प्रकाश पर्व की अरदास की गईं. श्री गुरु ग्रंथसाहिब जी का हुकुमनामा पठन किया. साथ ही कीर्तन, श्री आसां-दी-वार साहब के पाठ, कथा, आरती, भोग और अरदास कार्यक्रम संपन्न हुए. संतबाबा कुलवंतसिंघजी ने साधसंगत जी को गुरु महाराज जी के प्रकाशपर्व के उपलक्ष्य में बधाई और शुभकामनायें प्रेषित की. 

(प्रकाशपर्व के उपलक्ष्य में सुबह तड़के दर्शन को पहुँचे श्रद्धालु)

दोपहर 4 बजे के समय तखत सचखंड हजूर साहिब स्थान से प्रकाश पर्व दिहाड़े को समर्पित नगरकीर्तन यात्रा का आयोजन किया गया था. यह यात्रा पिछली यात्रा के मुताबिक पारंपरिक मार्ग पर निकाली गई. नगरकीर्तन यात्रा में विशेष पालकी वाहन में धन धन श्री गुरु ग्रंथसाहिब जी के पावन स्वरुप प्रकाशमान किये गए थे. श्री निशान साहब और गुरु महाराज जी के घोड़े (अश्व) यात्रा में शामिल थे. साथ ही कीर्तन जत्थे, गतका जत्थे, भजन मंडली और रागी जत्थे यात्रा में शामिल थे. 

(श्री गुरु गोबिंदसिंघजी महाराज की यह नई तस्वीर खासी लुभा रहीं हैं. इस चित्र के निर्माता को भी प्रणाम !)

नगरकीर्तन यात्रा में श्रद्धालुओं द्वारा गतका खेलकर खुशियाँ मनाई गईं. बड़ी संख्या में साधसंगत द्वारा पालकी वाहन के मार्ग की स्वछता कर मार्गपर फूलों का बिछौना तैयार करने की सेवाएं अर्पित की. बड़ी संख्या में सेवाभावी युवकों द्वारा मिठाइयां वितरण कर सेवाएं की गईं. दूध और पुरी-छोलों के लंगर का भी वितरण किया गया. तखत साहब में रात में विशेष कीर्तन भी संपन्न हुआ. 

..........




रविवार, 22 अगस्त 2021

सिख नौजवानों ने बेअदबी रोकी 

गुरुद्वारा की जमीनों पर स्थापित निशान साहब को किया गया संरक्षित!

(हिंगोली गेट स्थित गुरुद्वारा बोर्ड की जमीनों पर निशानसाहब की विधिवत बस्तर बंधाई करते हुए सिख नौजवान)

हजूर साहब, नांदेड़ नगरी में गुरुद्वारा तखत सचखंड बोर्ड की मिलकियत जमीनों पर स्थापित निशान साहब (धर्मध्वज प्रतीक) की अवमानना की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए आखिर सेवाभावी सिख नौजवानों को ही सामने आना पड़ा. शनिवार, तारीख 21 अगस्त, 2021 को जागरूक सिख युवा द्वारा शोशल मिडिया पर हिंगोली गेट के निकट स्थित गुरुद्वारा बोर्ड की जमीनों पर स्थापित निशानसाहब के अवमानना के फोटो जारी किये गए थे. उन चित्रों को देख कर रोष व्यक्त होने लगा था. व्हाट्सप्प ग्रुप में व्यक्त रोष का प्रभाव संप्रेषित होने के बाद दस से पंद्रह युवकों द्वारा बेअदबी की घटनाओं पर विराम लगाने के लिए कमर कसीं गईं. 

(स. पाली सिंघ और सिख भाई सेवा निभाते हुए )

घटना की गंभीरता देखते हुए कुछ लोगों ने यह विषय गुरुद्वारा बोर्ड के अधीक्षक स. गुरविंदरसिंघ वाधवा के कानों पर भी डाला. दरम्यान सिख सेवाभावी युवा स. पाली सिंघ (नंदीग्राम सोसायटी) और कुछ नवयुवकों द्वारा निशान साहब की बेअदबी रोकने के लिए जे. सी. बी. मशीन लगवा कर जमीन की साफसफाई की गई. निशान साहब के आसपास की झाड़ियाँ भी तोड़कर साफ की गई. जमीनों की चतुर्सीमा पर जे. सी. बी. की सहायता से गड्ढे खोदकर रास्तें बंद करवाएं गए. 

(निशान साहब इस अवस्था में थे )

इस जमीन पर स्थापित निशान साहब के परिसर को साफ कर निशान साहब को नये चोले (वस्त्र) अर्पित किये गये. पुराने चोले जर्जर हो चले थे. जिसके लिए सिख मर्यादा के तहत पाठ और अरदास विधिवत रूप से संपन्न की गई. नारियल बताशों का प्रसाद चढ़ाया गया. नवयुवाओं की जागरूकता के कारण धर्मध्वज बेअदबी की घटनाओं पर पूर्ण रोक लगाने में क़ामयाबी मिली. सोशल मीडिया  पर सभी सेवाभावी नवजवानों की जमकर सराहना हो रहीं हैं जिन्होंने पूरा दिन परिश्रम कर बेअदबी की घटनाओं को रोकने के लिए पहल की. 


(निशान साहब चोला पहनाते हुए स्थानीय सिख समुदाय )

गुरुद्वारा बोर्ड की जमीनों पर जहाँ जहाँ निशान साहब स्थापित हैं, वहां आसपास सरंक्षण की सुविधा रहनी चाहिए. बोर्ड के इस्टेट और सिक्योरिटी विभाग द्वारा प्रतिदिन जमीनों का निरिक्षण (पेट्रोलिंग) जरुरी हैं.  


स. रविंदरसिंघ मोदी 





बुधवार, 4 अगस्त 2021

 सालाना बरसी गुरुद्वारा श्री लंगर साहिब 

प्रकाशित लेख : 


दैनिक प्रजावाणी 
दैनिक नांदेड वार्ता 


दैनिक वृत्त टाइम्स औरंगाबाद 


शुक्रवार, 23 जुलाई 2021

Sirsa visited Hazursahib

शिरोमणि अकाली दल के विधायक और दिल्ली गुरुद्वारा प्रबंधक कमिटी के प्रधान स. मनजिंदरसिंघ सिरसा ने नांदेड़ के सिख परिवारों के साथ चर्चा की. पिछले तीन से चार माह पूर्व हुईं निर्दोष सिखों की गिरफ्तारियों और जमानत जारी नहीं होने से सिख परिवारों में चिंता और दुःख का वातावरण छाया हुआ है. इस विषय में विधायक सिरसा ने आश्वस्त करवाया कि शीघ्र जमानत मिले यह प्रयास किये जायेंगे. 👇👇



 

शनिवार, 10 जुलाई 2021

Gyani harindersingh alwarwale on hazursahib 's current situation

 गुरुद्वारा बोर्ड के जिम्मेदारानं की चुप्पी योग्य नहीं हैं !

ज्ञानी हरिंदरसिंघ जी अलवर वाले का चिंतन 

रविंदरसिंघ मोदी 

( ज्ञानी हरिंदरसिंघ जी अलवर वाले )

मैं कल से इन्ही विचारों में कहीं व्यस्त था कि हजूर साहिब की वर्तमान सामाजिक स्तब्धता पर क्या भाष्य किया जाएं. इन विचारों की तंद्रा उस समय और भी आवेग में पहूंच गई जब पंथ के बुद्धिजीवि, संजीदा व्यक्तित्व और हज़ूर साहिब की सिक्खी और सिखों पर नितांत प्रेम करने वाले ज्ञानी हरिंदरसिंघ जी अलवर वाले का मुझे आज सुबह व्हाट्सअप कॉल आया. ज्ञानी जी हमेशा हज़ूर साहिब की हलचल और मार्गक्रमण की सुध लेते रहते हैं. मेरे साथ उनका फोन पर संपर्क जुड़ा रहता हैं. पंत के एक बुद्धिजीवि के रूप में उनकी सेवाएं बहुत अहम हैं जिसके संबंध में कभी विस्तार से चर्चा जरूर करूँगा. लेकिन विगत 45 वर्षों से ज्ञानी जी का हज़ूर साहिब के साथ रिश्ता बना हुआ हैं. दशमेश पिता जी की उनके सिर खास मेहर बनी हुईं हैं. 

ज्ञानी हरिंदरसिंघ जी ने आज फोन पर हुईं चर्चा में हजुरसाहिब बोर्ड के वर्तमान हालात और दिल्ली सिख गुरुद्वारा कमेटी से जुड़े विषयों पर भी चिंता व्यक्त की. होली हल्ला महल्ला की घटना और पुलिस द्वारा दर्ज मामलों से विस्थापित सिख बच्चों के प्रति उनकी चिंता और इन मामलों के शीघ्र समाधान को लेकर उनकी व्याकुलता सराहनीय प्रतीत हुईं. उन्होंने मुझसे प्रश्न किया कि, "समाज के लोगों के सामने एक बड़ा कानूनी संकट खड़ा हैं, सिख परिवार, बच्चे, माता - पिता परेशान हैं ! ऐसे में गुरुद्वारा बोर्ड के जिम्मेदारान सामने क्यों नहीं आ रहे हैं? साधसंगत की समस्याओं के विषय में पहल क्यों नहीं कर रहे हैं? पिछले तीन महीनों से ज्यादा समय जेल में बंद लोगों और अन्य लोगों की जमानत और अन्य कानूनी करवाई के लिए ठोस कदम क्यों नहीं उठाएं जा रहे हैं? पुलिस प्रशासन के साथ बातचीत का सिलसिला क्यों नहीं किया जा रहा हैं?  आदि... ! 

ज्ञानी जी के प्रश्न, चिंता और सद्कामना योग्य हैं. पुलिस प्रशासन और जिला प्रशासन के साथ वैसे दो से तीन बार चर्चा भी हुईं हैं. जिलाधीश डॉ. विपीन इटनकर, पुलिस अधीक्षक डॉ प्रमोद शेवाले और पुलिस के अन्य अधिकारियों से साधसंगत से चर्चा और गुहार जारी हैं. स्थानीय समाज में शांति और कानून व्यवस्था के परिसंचालन के लिए पुलिस और सिख समाज की सामाजिक संयुक्त  पहल भी संपन्न हुईं. लेकिन तीनों केसेस में व्याप्त कानूनी दिक्कतों का निपटारा अब पूरी तरह से पुलिस के अधिकार में नहीं रहा शायद! नांदेड़ न्यायालय में प्रकरण में गिरफ्तार लोगों की जमानत अर्जी को सुना गया और अगली तारीख के तहत बढ़ाया गया. संभव है कि इस महीने जमानत को लेकर अच्छी खबर मिले. लेकिन प्रश्न यह हैं कि गुरुद्वारा बोर्ड के जिम्मेदारान आखिर कर क्या रहे हैं? गुरुद्वारा सचखंड बोर्ड द्वारा कुछ बोर्ड पदाधिकारियों के लिए हाई कोर्ट के बाद सुप्रीम कोर्ट में अर्जी दाखिल करवाई गई. गुरुद्वारा बोर्ड द्वारा दो से तीन लोगों का ही केस लड़ा जा रहा हैं? बाकी समाज की सुध लेनेवाला कोई नहीं हैं ! एक गरीब चाहे भी तो आज ज़मानत करवाने का भारी भरकम खर्च उठा नहीं सकता. सच्चाई यह भी हो सकती हैं कि गिरफ्तार होने के बाद पता नहीं कितने दिनों तक जमानत ना मिले और जेल में ही भुगतना पड़े, इस डर से बहुत से अभियुक्त फरार हैं. लेकिन कब तक यह सामाजिक विस्थापन जारी रहेगा! 

आज घटना घटित होकर सौ दिन पूर्ण हो गए हैं. बोर्ड के प्रधान स. भूपिंदर सिंघ मिनहास ने अभी तक हज़ूर साहिब में अपने कार्यालय को भेट नहीं दीं. हालांकि उनका मुंबई और औरंगाबाद के बीच निरंतर आवागमन जारी हैं. इतनी बड़ी घटना के बाद भी वो सिख समाज की सुध नहीं ले पाते तो "वो" काहे के हज़ूर साहब के सेवक हुए. सरकार और पुलिस विभाग भी नैतिक पहलु के तहत उनसे पूछे कि जिस स्थान से जुड़ी संस्था के वें सरकार द्वारा अध्यक्ष है, उनकी घटना के बारे में कोई पहल क्यों नहीं है. क्या प्रधान साहब ने पुलिस, जिला प्रशासन, महाराष्ट्र सरकार को "होली हल्ला महल्ला" घटना की अध्यक्ष होने के नाते नियमानुसार रिपोर्ट प्रस्तुत की है? प्रशासन को कम से कम गुरुद्वारा बोर्ड का लिखित पक्ष तो जान लेना चाहिए ऐसी इस घटना की प्राथमिकता भी है. गुरुद्वारा बोर्ड को भी चाहिए कि होली के समय घटित घटनाओं की रिपोर्ट उस समय के प्रभारी अधीक्षक स. जसविंदर सिंघ दिनपुर से भी मंगवाए. क्या ये रिपोर्ट न्यायालयीन दिक्कतों की खामियाँ दूर करने में कारगर साबित हो सकती है. प्रश्न यहीं है कि स. भूपिंदरसिंघ मिनहास नांदेड़ क्यों नहीं आना चाह रहे हैं? 

इस समय हज़ूर साहिब के सिखों के सामने दो से तीन सामाजिक समस्याएं कायम हैं. एक तो कोरोना संक्रमण के कारण समाज में हो रहीं निरंतर मृत्यु से मृतक परिवार का आर्थिक विवेचन और जीवन जीने के लिए संघर्ष का विषय हैं. गरीब परिवारों के लिए लड़कियों के विवाह का एक प्रश्न उठ रहा हैं. तीसरी बात यह कि आये दिन सिख युवकों, विद्यार्थियों का शिक्षा एवं रोजगार के लिए संघर्ष. चौथी बात होली हल्ला महल्ला के समय हुईं घटनाओं में कानूनी शिकंजे में घीरें, गिरफ्तार और फरार (अभियुक्त) लोगों के परिवारों पर छाएं संकट का विषय. इस समय स्थानीय सिख समाज में यहीं मुद्दे चर्चा में व्याप्त हैं जिनके कारण समस्त समाज पर स्तब्धता का आवरण छाया हुआ हैं. कानूनी रूप से तीनों एफ. आई. आर. का न्यायायिक परिसंचालन बहुत ही जटिल और पेचीदा हैं. पुलिस और कानून ने अपना काम शिद्दत से किया हैं क्योंकि पुलिस विभाग की वो जिम्मेदारी हैं. एक एफ.आई.आर. की चार्जशीट न्यायालय में प्रस्तुत भी हुईं हैं. कुछ लोगों को राहत मिली हैं तो असंख्य लोग मामलों में लिप्त हैं. जिसके कारण बहुत से परिवारों में बच्चों के विवाह टाल दिए गए हैं. बहुत से परिवारों के घर के कमाऊ पुरुष जेल में हैं या फरार हैं, जिनके परिवारों का भूख से संघर्ष जारी हैं. दवाई गोलिया और उपचार की जद्दोजहद जारी हैं. 

होली घटना के बाद तमाम राजनीतिक पार्टियों ने सिख समाज के साथ दूरिया बढ़ा लीं हैं. कोई नेता सिख समाज की समस्याओं के निराकरण के लिए आगे नहीं आया हैं. हां, कुछ लोकल सिख नेता जरूर राजनीतिक नेताओं की चौखट पर खड़े दिखाई दे रहें हैं. लेकिन वें अपने व्यक्तिगत काम और मंशाओं तक ही सिमित हैं. समाज की समस्या पर हल निकालने के लिए कोई पहल नहीं करना चाह रहा हैं. यदि आसपास कोई चुनाव होते तो शायद किसी को ज्यादा मिन्नतें नहीं करनी पड़तीं. लेकिन दुर्भाग्य से ऐसा कोई चुनाव निकट नहीं हैं. इसलिए सिख समाज का आशावाद भी समाप्त होता हैं.  

बहुत ही मार्मिक तथ्य हैं कि ज्ञानी हरिंदरसिंघ जी हज़ार मील दूर बैठ कर हजूर साहिब के लिए चिंता व्यक्त करते हैं, लेकिन तीन सौ किलोमीटर या छह सौ किलोमीटर दूर बैठे सत्ताधीशों के मन नहीं पिघलते. आज बुद्धिजीवि को समाप्त करने की सोच और षड़यंत्र स्थानीय राजनीतिक प्रवृत्ति के लोग कर रहे हैं. सिख समाज के अच्छे बुद्धिजीवि काल में समा चूके हैं. कुछ हैं लेकिन उन्हें चुप कराने के लिए सामूहिक बल और छल की नीति अपनाई जा रहीं हैं. यदि समाज के तथाकथित लीडर बहुत जानकर, अभ्यासु और परिस्थितिपूरक औरा से परिपूर्ण होते शायद किसी बुद्धिजीवि को राजनीति जैसे क्षेत्र पर भाष्य करने की जरुरत नहीं होती. जिस समाज में नेतृत्व पतन हो जाता हैं वहां समाज के बुद्धिजीवि वर्ग को बोलना और लिखना पड़ता हैं. कड़वी सच्चाई ये भी है कि समाज और राष्ट्र के लिए आवाज़ उठानेवाला कोई बुद्धिजीवि बहुत बार अकेला पड़ जाता है या षड़यंत्र के तहत उसे समाप्त करने की मोहिम छेड़ी जाती हैं. उनका यह सामाजिक अपराध परदे के पीछे छिप जाता हैं. ऐसे समय में समाज का प्रबुद्ध वर्ग भी अनभिज्ञ बन जाता हैं. 

मैंने, अपने आप को लेकर कभी "कुछ होने" का दावा नहीं किया हैं. सही बयान करूं तो मैं कुछ भी नहीं हूँ. लेकिन सामान्य होने के नाते, समाज का घटक होने के नाते अपनी जिम्मेदारी मैं समझता हूँ. मेरे प्रति तथाकथित घृणा करने की प्रेरणा जगाने वाले कभी यह भी सोचें कि मैं आपकी "वोट की राजनीति" से हमेशा दूर ही रहा. लेकिन अच्छे और सेवाभावी लोगों के लिए मैंने हमेशा संघर्ष किया हैं. यदि किसी के "कारोबार" पर पत्रकारिता करनी होती तो अच्छे - अच्छे को अपात्र साबित करने की क्षमता मैं भी उपयोग में लाता. पत्रकारिता के माध्यम से सामाजिक लाभ की दृष्टि से मैंने पत्रकारिता को अंजाम दिया हैं. मैंने बहुत लोगों को बनते और ढहते देखा हैं. समाज के सामने के चरित्र और परदे के पीछे के चरित्र का संज्ञान होने के बावजूद भी मैंने किसी का समाज के सामने वस्त्रहरण नहीं किया. क्योंकि मैं समाज निर्माण का महत्व समझता हूँ. व्यक्तित्व निर्माण की कीमत समझता हूँ. स्थानीय समाज और अन्य समाज की तुलना करने और सामाजिक विकास को लेकर मेरी तड़प रहीं हैं. यदि किसी को इस विषय में शुद्ध ठेकेदारी करनी हो तो खुलकर बताएं मैं आपकी "क्रांति" को मार्ग देकर अलग हो जाऊंगा. मैं इस कार्य से निवृत्त होने के लिए तैयार हूँ लेकिन पहले अपनी क्षमता से तो परिचित करवाओ कि आप यह सब कर सकते हो ! अपने आपको जाँच लें. युवा पीढ़ी को उकसाने के अलावा आप किस तरह से अच्छे समाज का निर्माण कर सकते हो. कोई भी चीज ढाहना आसान हैं पर निर्माण मुश्किल हैं. तथाकथित नेताओं के पिछले कुछ घोषणापत्रों पर यकीन कर समाज भी घोर निराशा महसूस कर रहा हैं. आज समाज की आवश्यकताओं पर उनको खरा उतरने की जरुरत हैं. आज ! आज का वर्तमान बदलना हमारी सबसे बड़ी प्राथमिकता हैं. इन विषयों के प्रति जब संजीदगी नहीं तो काहे का समाज और काहे का "बोर्ड"!

.........


नोट :  इस blog के पोस्ट को आप जैसे का तैसा फॉरवर्ड कर सकते हो. Link share कर सकते हो. लेकिन इस मैटर की कॉपी पेस्ट की अनुमति नहीं हैं. यदि कोई मैटर से छेड़छाड़ करता हो तो करनेवालों के खिलाफ सख्त कानूनी करवाई करने के लिए हम स्वतंत्र हैं. न्यायिक क्षेत्र नांदेड़ होगा. 

रविंदरसिंघ मोदी. 




  होली हल्ला महल्ला यात्रा मार्ग की दुरुस्ती करें : मनबीरसिंघ ग्रंथी राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद पवार समूह) के युथ प्रदेश सचिव स. मनबीर...