मेरी ब्लॉग सूची

गुरुवार, 21 जून 2018

मृत्युशैय्या पर लेटी प्रधानाध्यापिका बलजीत कौर के लिए कुछ करें सिख समाज 

नांदेड़ शहर की जानीमानी शिक्षण संस्था गुजराती हाई स्कूल नांदेड़ की प्रधानाध्यापिका बलजीत कौर सरदार कैंसर रोग से ग्रस्त है और मृत्युशैय्या पर लेटी हुई है. गुजराती हाई स्कूल प्रबंधन द्वारा उन्हें जानबूझकर निलंबित किया गया था. पश्च्यात में जिलापरिषद के शिक्षा विभाग ने उनके निलंबन काल का वेतन नहीं दिया. बीमारी से जूझ रही बलजीत कौर के वैद्यकीय बिलों का भुगतान  जा रहा है. मृत्यु से लड़ रही इस अध्यापिका को कोई साथ नहीं दे रहा है. बात बेबात राजनीतिक कारणों पर उछलनेवाले कार्यकर्ता कहाँ हैं? आंदोलन की भाषा करनेवाले कहाँ हैं. सेवा की गप्पे मारनेवाले कहाँ हैं.?
मेरी अपील है कि सभी घटक एक होकर बलजीत कौर के लिए कुछ करें. होनहार और अच्छी शिक्षिका को एक संस्था ने राजनीति का शिकार बनाया क्योंकि वो एक अल्पसंख्यक समाज से थी. बलजीत कौर ने गुजराती हाई स्कूल का अच्छे से प्रबंधन किया था. आज भी स्कुल के विद्यार्थी और पूर्व विद्यार्थी उन्हें बेहद चाहते हैं. ऐसी शिक्षिका के लिए एकजुटता से कानूनी रूप से कुछ किया जाना चाहिए. इस पोस्ट को ज्यादा से ज्यादा  शेयर कीजिये.

रविंदर सिंह मोदी. 

बुधवार, 20 जून 2018

वजीफ़ा प्राप्त करने के लिए २५ जून तक आवेदन करें - 
गुरिन्दरसिंघ वाधवा 

- हजूर साहिब, नांदेड़ - 
तखत सचखंड गुरुद्वारा बोर्ड कार्यालय द्वारा सिख विद्यार्थियों को वजीफ़ा देने के लिए पंजीयन प्रक्रिया शुरू है. सभी स्कूली विद्यार्थी ता. २५ जून २०१८ तक अपना आवेदन पत्र, मार्कशीट और बोनाफाइड सर्टिफिकेट गुरुद्वारा बोर्ड कार्यालय में जमा करें, ऐसी अपील गुरुद्वारा बोर्ड के अधीक्षक गुरविंदर सिंह वाधवा द्वारा की गई है. 
श्री वाधवा ने यहाँ बताया, गुरुद्वारा बोर्ड कार्यालय के रिकॉर्ड सेक्शन में आवेदन प्रारूप उपलब्ध है. विद्यार्थी उस प्रारूप को भरकर प्रधानाध्यापक अथवा प्राचार्य से दस्तखत करवाकर बोनाफाइड जोड़कर कार्यालय में जमा करे.  उन्होंने आगे बताया कि, गुरुद्वारा बोर्ड कार्यालय द्वारा सिख विधार्थियों को इस बार स्कूल और कॉलेज शुरू होते समय ही वजीफ़ा प्रदान करने का निर्णय किया गया है. पूर्व में विद्यार्थियों को सितम्बर अथवा अक्टुम्बर माह में वजीफा दिया जाता था. जबकि स्कूल जून माह में और कॉलेज जुलाई में शुरू होते हैं. वजीफ़ा समय पर मिलने पर उसका उपयोग टूशन फीस अथवा प्रवेश फीस जैसे कार्यों के लिए हो सकता है. अभिभावकों की मांग अनुसार वजीफा जल्दी प्रदान करने के विषय में गुरुद्वारा सचखंड बोर्ड द्वारा प्रयास किये जा रहे हैं. सभी इस कार्य के लिए सहयोग करें.  
(समाचार और ब्लॉग के संबंध में आपकी राय अथवा सुझाव आप नीचे स्थित टिप्पणी के कॉलम में दर्ज कर सकते हैं. ) 
समाचार  अथवा  शुभकामना  सन्देश देने  संपर्क करे  ravindersinghmodi2015@gmail.com 

मंगलवार, 19 जून 2018

श्री गुरु नानक देवजी के ५५० वें प्रकाशपर्व के लिए 
मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने मांगे २१४५ करोड़ 

सदगुरु नानक देव जी 


सिख जगत के लिए यह एक सुखद समाचार है कि पंजाब सरकार श्री गुरु नानक देवजी के ५५० वें प्रकाश पर्व लेकर अभी से गंभीर है. पंजाब  मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी से प्रकाशपर्व मनाने के लिए पंजाब प्रदेश को २१४५ करोड़ का विकास पैकेज देने की गुहार लगाई. सोमवार (१८ जून, २०१८) को दिल्ली में कैप्टन अमरिंदर सिंह ने श्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की और उन्हें वर्ष २०१९ में श्री गुरु नानकदेवजी का प्रकाश पर्व मनाने को लेकर प्रस्तावित योजना पर विचार-विमर्श किया. 

कॅप्टन अमरिंदर सिंह (मुख्यमंत्री)

उल्लेखनीय है कि गुरु नानक देवजी के प्रकाश पर्व को लेकर पंजाब सरकार ने दो वर्ष पूर्व ही तैयारी शुरू कर दी थी. पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाशसिंह बादल ने भी प्रधान मंत्री से प्रकाशपर्व के विषय में चर्चा की थी. श्री गुरु नानक देवजी महाराज का ५५० वां जन्मदिवस पंजाब में हर्ष और उत्साह से मनाने की तैयारी में सरकार जुट गई है. लेकिन सरकार और शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमिटी के बीच प्रकाश पर्व मनाने को लेकर अभी तक भी सामंजस्य दिखाई नहीं दे रहा है. अमरिंदर सिंह की पहल सराहनीय है. अब केंद्र सरकार पर निर्भर करता है कि किस तरह से वे विकासराशि का वितरण करते हैं. 

सोमवार, 18 जून 2018

उत्तराखंड पुलिस का निषेध !!

उत्तराखंड पुलिस द्वारा बर्बरता पूर्वक सिखों के पवित्र पावन तीर्थस्थल श्री हेमकुंट साहिब के दर्शनों के लिए जा रहें यात्रियों के वाहनों पर लगे निशान साहेब को उतारा जा रहा हैं. यहीं नहीं निशान साहब के कपड़े को ब्लेड़ से काट दिए जाने की घटनाएं पुलिस द्वारा अंजाम दी जा रही है जिससे सिख धर्मियों की भावनाओं को काफी ठेस पहुँच रही हैं.
( बगैर आदेश केवल द्वेष भावना के चलते ये पीएसआई द्वारा उत्तराखंड में निशान साहब निकालकर यूँ काटा जा रहा है. )

पुलिस द्वारा वाहनों को रोककर उसपर लगे छोटे और बड़े सभी निशान को निकालकर जब्त कर लिया जा रहा है. जबकि वरिष्ठों के ऐसे आदेश नहीं हैं. केवल सिखों के प्रति द्वेष भावना के चलते वहाँ ये सब घटित हो रहा हैं. उत्तराखंड के मुख्य मंत्री को तुरंत इस विषय में पुलिस से स्पष्टीकरण मांगना चाहिए की सिखों के साथ ऐसा सलूक वहाँ क्यों हो रहा हैं.  दिल्ली की साध संगत यदि पीएमओ तक ये शिकायत पहुंचाएं.
इस समय  करीब २२ हजार सिख श्रद्धालु श्री हेमकुंट साहिब की यात्रा पर हैं.  केवल जून से अगस्त माह तक ही हेमकुंट साहिब की यात्रा आयोजित होती हैं. पिछले वर्ष भी पुलिस ने वाहनों को रोककर जबरन पैसे मांगे थे. बाढ़ की त्रासदी के समय केवल सिख समुदाय ही उत्तराखंड में सबसे पहले लंगर (भोजन) लेकर पहुंचता है. उस समय तो पुलिस अपना कर्तव्य भूल जाती है.
-------
जनम दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं 

ज्ञानी अवतार सिंघजी शीतल 

तखत सचखंड श्री हजूर साहिब के मीत ग्रन्थि 
सिंघसहिब ज्ञानी अवतार सिंघजी शीतल को 
जन्मदिवस की हार्दिक शुभकामनाएं। 

: शुभेच्छुक :
स. रविंदर सिंघ मोदी. 

Gurudwara board election strike 18 june

अनशन अभी जारी है। ... 




गुरुद्वारा तखत सचखंड बोर्ड बर्खास्त करने की मांग को लेकर विगत १८ दिनों से महाराष्ट्र के नांदेड़ के जिलाधीश कार्यालय के सामने सिख समाज का एक प्रमुख घटक अनशन पर है.  तारीख १ जून, २०१८ को श्रृंखलाबद्ध सामान्य अनशन शुरू किया गया और तारीख ११ जून को भूख हड़ताल शुरू हुई.  अनशनकर्ताओं  मुख्य मांग  है कि गुरुद्वारा बोर्ड के तीन सदस्यों के पद बर्खास्त कर तीन सीटों पर चुनाव करवाएं जाये. 
इस मांग को गुरुद्वारा बोर्ड अध्यक्ष विधायक तारासिंह ने भी समर्थन देकर तीन सीटों के चुनाव करवाने के लिए राजस्व विभाग को पत्र भेजा है. उधर पद पर असिन तीनों निर्वाचित सदस्यों द्वारा बोर्ड बर्खास्त कर निष्पक्ष चुनाव करवाने की मांग की है. इस घटनाक्रम में अनशन  तक खींचा चला गया. आमरण हड़ताल पर बैठे मनप्रीत सिंह कुँजीवाले और हड़ताल के संयोजक इंदरजीत सिंह गल्लीवाले प्रशासन की चुप्पी पर परेशां है. 
कुँजीवाले की तबियत नासाज़ होने की ओर अग्रसर है. जिलाधीश कार्यालय के सामने का आज १८ वां दिन है. तारीख २० जून को आत्मदहन करने की पूर्व चेतावनी दी जा चुकी है. हड़ताल एक तरह अपने रंग में है लेकिन उसका हश्र किस ओर जा रहा है ये देखकर चिंता हो रही है. सरकार को अथवा प्रशासन को इस विषय पर स्पष्टीकरण दे देना चाहिए. उसी तरह से ये स्पष्ट करना चाहिए कि जब हालात अनुकूल है तब चुनाव प्रक्रिया शुरू करने अथवा बोर्ड बर्खास्त करने में देरी क्यों हो रही है.

रविंदर सिंह मोदी....
आपकी राय नीचे टिपण्णी बॉक्स में दे सकते है. इस पोस्ट  को व्हाट्सअप ग्रुप पर भी  कीजिये. 

रविवार, 17 जून 2018

आज पितृत्व दिवस है...


२० वीं सदी में फादर्स डे की शुरुवात हुई थी. पिता-पुत्र के रिश्तों में प्यार, स्नेह, आदर और अपनापन उत्पन्न हो. बच्चों में परिवार के प्रति अपनापन जरुरी है. भारत में बच्चें अपने माता - पिता का बहुत आदर करते हैं. ये परंपरा दीर्घकाल चले इसी मंशा के साथ सभी पिता वर्ग को शुभकामनाएं देता हूँ. सभी मनाएं फादर्स डे.


शनिवार, 16 जून 2018

Shahid sartaj guru Arjun Dev ji.

शहीद सरताज गुरु अर्जुन देवजी

( शहीद सरताज श्री गुरु अर्जुन देव जी )
रविवार (ता. १७ जून, २०१८) को सिखों के पंचम गुरु और कौम के पहले शहीद गुरु अर्जुन देवजी का ४१३ वां शहीदी दिवस मनाया जा मनाया जा रहा है. सन १६०४ के ४ अगस्त को श्री हरिमंदर साहिब (सुवर्ण मन्दिर ) के अस्तित्व में आने के बाद मोगल सल्तनत की वक्र दृष्टि उन पर पड़ी. दो वर्ष बाद ही बादशाह जहांगीर ने उन्हें गिरफ्तार कर प्रताड़ित किया. पश्च्यात उन्हें यातनाएं देकर शहीद कर दिया. गुरु अर्जुन देवजी की शहीदी वर्ष १६०६ में जून माह में हुई थी. तिथि अनुसार आज ४१२ वर्ष पूर्ण हो रहें हैं. 
श्री गुरु अर्जुन देव जी की सबसे बड़ी उपलब्धि ये रही कि उन्होंने श्री गुरु नानक देव जी की विरासत संभालकर गुरुबाणी को रागबद्ध करवाकर उसे श्री गुरु ग्रन्थ साहिब जी का स्वरूप प्रदान किया. इसी स्वरुप को श्री हरिमंदर साहिब में प्रकाशित करवाया गया, जिससे उस दौर में जातीय भेदभाव मिटाने की पहल मानी गई. आज हम गुरु अर्जुन देवजी का स्मरण कर उन्हें शत - शत प्रणाम करते हैं. 
------
(ये पोस्ट आप व्हाट्सअप्प और सोशल मीडिया पर भी शेयर कर सकते हैं.) नीचे दिए गए बॉक्स में टिपण्णी जरूर लिखिए. 

Eid Mubarak ho.

ईद-उल-फ़ित्र के मौके पर 
हार्दिक बधाई !!



रविंदर सिंह मोदी 
भारत ही नहीं बल्कि विश्व के असंख्य देश आज रमजान ईद यानी ईद-उल-फ़ित्र का त्योहार माना रहे हैं. यह त्योहार जीवन में सवाब कमाने का एक सुअवसर माना जाता है. एक माह तक रमजान माह में रोज़ा (उपवास) किया जाता है. रोज़ा शरीर, मन और आत्मा को विकारों से खाली कर उन्हें पाक (पवित्र) करता है. संयम सिखाता है. जिससे मनुष्य को सम्पूर्ण वर्ष परिश्रम करने की ऊर्जा प्राप्त होती है. ईद का संबंध जीवन की खुशहाली और खुशियों से भी जुड़ा है. किसी भी कार्य की शुरुवात  रमजान ईद को सुअवसर माना जाता है. भारत देश में ईद पर बहुत खुशग़वार माहौल हो जाता है. मेरे सभी मुस्लिम भाई मुझसे बहुत ही गर्मजोशी और उत्साह मिलते हैं. उनके दमकतें चेहरों से मुझे भी अनुभूति मिलती है की त्यौहार को किस गहराई से स्वीकार करना चाहिए. भारत एक परम्पराओं वाला, संस्कृति और उत्सवों से लबालब ऐसा देश है. यहाँ मनाएं जानेवाले त्यौहार समस्त विश्व को भाईचारा और सद्धभावना का सन्देश देते हैं. हमें ईद से भी सिखने  बहुत कुछ है. 

(ब्लॉग के संबंध में आपकी टिपण्णी नीचे दर्ज करा सकते हैं.)
अकबर से महान थे महाराणा प्रतापसिंह जी - योगी 

महाराणा प्रतापसिंह जी
 
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मुगल बादशाह अकबर के बजाय राजपूत शासक महाराणा प्रताप को महान महान बताया है. 
उन्होंने उत्तरप्रदेश में  महाराणा प्रतापसिंह जी के जन्मदिन पूर्व संध्या पर कहा कि महाराणा ने उस वक्त की सबसे बड़ी सैन्य ताकत के सामने जिस शौर्य और पराक्रम का परिचय दिया था, उसका उदाहरण बिरले ही मिलता है. विपरीत हालात में और परिस्थितियों से संघर्ष कर उन्होंने मातृभूमि की सेवा की. इसीलिए महाराणा प्रतापसिंह जी अधिक महान प्रतीत होते है. 
तारीख - १६ जून २०१८ को देश में क्षत्रिय स्वाभिमान और महान योद्धा महाराणा प्रताप सिंह जी की जयंती मनाई जा रही है. ऐसे समय में योगी का ये बयान बहुत मायने रखता है. 
(ब्लॉग के बारे में आपकी राय नीचे लिखिए)

शुक्रवार, 15 जून 2018

आयु नहीं, मानिसकता में बदलाव जरुरी है

आयु नहीं, मानिसकता में बदलाव जरुरी है

पंजाब सरकार द्वारा हाल ही में लिया गया निर्णय कि, "गर्ल्स स्कूलों में ५० वर्ष आयु से अधिक ही बतौर अध्यापक पढ़ाएंगे" खासा चर्चाओं में है. अध्यापकों के होश उड़े हुए हैं. शिक्षा क्षेत्र में पुरुष और महिला का लिंगभेद बहुत से शिक्षाविदों के गले नहीं उतर रहा.

पंजाब की पूर्व कैबिनेट मंत्री लक्ष्मीकांता चावला ने मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह को चिट्ठी लिखकर शिक्षा विभाग के उस फैसले पर दोबारा विचार करने के लिए कहा है.

उन्होंने मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह के निर्णय को दुर्भाग्यपूर्ण बताते  उठाया कि पहले सरकार तय करे कि क्या गर्ल्स स्कूलों में पुरुषों को नियुक्ति दी जाये अथवा नहीं. चावला ने सरकार के फैसले पर कड़ी नराजगी जताते हुए गुरू की मर्यादा का हनन बताया है।

उनका कहना है कि, पंजाब सरकार का सद्भावना से लिया गया यह फैसला कि लड़कियों के स्कूलों में 50 वर्ष की आयु से अधिक पुरुष अध्यापक ही पढ़ाएंगे वास्तव में अध्यापकों के सम्मान के विरुद्ध फैसला है। सरकार अपने अध्यापकों पर अविश्वास कर रही है. स्कूलों में विशेषकर गांवों में सह शिक्षा का प्रचलन है. पहली कक्षा से बारहवीं तक लड़के-लड़कियां इकटठे पढ़ सकते है. ऐसे में सरकार का पुरुष अध्यापक लड़कियों के स्कूल में नहीं पढ़ा सकते ये निर्णय यह एक भद्दा मजाक नहीं तो क्या है।

उल्लेखनीय है कि अमृतसर के ही कुछ सीनियर सेकेंडरी स्कूलों के विषय में यह मांग की गई थी कि ये स्कूल लड़के और लड़कियों के लिए अलग अलग कर दिए जाएं. ये स्कूल आज भी अच्छे से चल रहे हैं.

पंजाब सरकार का ये निर्णय विचित्र है और उसमे पिछड़ापन नज़र आ रहा है. महिला छेड़छाड़ का कानून सख़्त होना चाहिए. कॉलेजों में सीसीटीवी कैमरे और सुरक्षा समिति होनी चाहिए. अश्लीलता रोकने हेतु दिशा निर्देश होने चाहिए. साथ ही अभिभावकों द्वारा अपने बच्चों को छेड़छाड़ और अश्लीलता को रोकने के लिए आधार देना चाहिए. बच्चों को ओछी हरकतों के संबंध में शिकायत करने के लिए प्रोत्साहित किया जाना चाहिए.

हर जिला पुलिस मुख्यालय में महिला सुरक्षा समिति नियुक्त होती है, उनकी सहायता ली जा सकती है. प्रदेश में राज्य महिला आयोग भी कार्यरत है उसे भी लड़कियों के साथ स्कूलों में हो रहे दुर्व्यवहार प्रति बताना चाहिए. पुरुष और महिला शिक्षक की आयु से परिणाम नहीं निकलता है बल्कि अश्लील मानसिकता दूर झटकने के लिए क्या विकल्प तलाशें जाएं उस संबंध सरकार को कदम उठाना चाहिए.
रविंदर सिंह मोदी..
(ब्लॉग के प्रति आपकी राय नीचे स्थित टिपण्णी बॉक्स में लिख सकते हैं.)


जन्मदिन की हार्दिक बधाई जी 





भारतीय जनता पार्टी के सक्रिय कार्यकर्ता 
और समाज सेवक 
सरदार जगजीवन सिंघजी रिसालदार को 
जनम दिवस उपलक्ष में 
हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं. 

: शुभेच्छुक :
स. रविंदर सिंह मोदी


गुरुवार, 14 जून 2018

सिख विधार्थी वजीफ़ा लेने के लिए आवेदन करें 
गुरुद्वारा बोर्ड कार्यालय इस बार जल्दी देगा वजीफ़ा  


- हजूर साहिब, नांदेड़ - 
तखत सचखंड गुरुद्वारा बोर्ड कार्यालय द्वारा सिख विद्यार्थियों को वजीफ़ा देने हेतु की गई पहल सराहनीय है. प्रशासकीय अधिकारी देवेन्द्रपाल सिंह चावला और अधीक्षक गुरिंदर सिंह वाधवा द्वारा इस निर्णय से अवगत कराया गया कि, गुरुद्वारा बोर्ड कार्यालय द्वारा सिख विधार्थियों को इस बार स्कूल और कॉलेज शुरू होते ही वजीफ़ा प्रदान कर दिया जायेगा. इससे पूर्व में विद्यार्थियों को सितम्बर अथवा अक्टुम्बर माह में वजीफा मिलता रहा था. जबकि स्कूल जून माह में और कॉलेज जुलाई में शुरू हो जाते हैं. अब वजीफ़ा टूशन फीस अथवा प्रवेश फीस जैसे कार्यों के लिए उपयोग में लाया जा सकता है. अभिभावकों की ये मांग थी कि वजीफा जल्दी दिया जाएं. बोर्ड द्वारा मांग पर विचार कर निर्णय लिया गया. 
गुरुद्वारा बोर्ड द्वारा ये सराहनीय पहल करते हुए विद्यार्थियों और अभिभावकों से अपील की गई है कि स्कूल और कॉलेज शुरू होते ही बोनाफाइड, फोटो, मार्क शीट और गुरुद्वारा कार्यालय द्वारा दिया जानेवाला आवेदन पत्र अटेस्टेड करवाकर बोर्ड के रिकॉर्ड कार्यालय में जमा करवाएं। 
(समाचार और ब्लॉग के संबंध में आपकी राय अथवा सुझाव आप नीचे स्थित टिप्पणी के कॉलम में दर्ज कर सकते हैं. ) 
समाचार  अथवा  शुभकामना  सन्देश देने  संपर्क करे  ravindersinghmodi2015@gmail.com 

बुधवार, 13 जून 2018

जनम दिवस की हार्दिक शुभ कामनाएं 

हेड़ ग्रंथी सिंघसहिब भाई कश्मीर सिंघजी 
तखत सचखंड श्री हजुरसाहिब के हेड़ ग्रंथी आदरणीय सिंघसहिब भाई कश्मीर सिंघजी को जनम दिवस के उपलक्ष में हार्दिक बधाई और शुभकामनाएँ. 
रविंदर सिंघ मोदी 
(कृपया आपकी शुभकामनाएं या प्रतिक्रियाएं आप निम्नलिखित स्थान पर दे सकते हैं. )

धारा ११ को लेकर 
गुरुद्वारा बोर्ड सदस्यों में उदासिनता 


रविंदर सिंह मोदी
गुरुद्वारा तखत सचखंड बोर्ड, नांदेड़ संस्था के अध्यक्ष की सीधी नियुक्ति निर्देशित करनेवाली वाली बोर्ड कानून १९५६ की धारा ११ (संशोधित) को लेकर गुरुद्वारा तख़त सचखंड बोर्ड के सदस्यों में गहरी उदासिनता देखने को मिली है. इस धारा में महाराष्ट्र सरकार द्वारा तीन वर्ष (फरवरी २०१५) में संशोधन कर गुरुद्वारा बोर्ड के अध्यक्ष की सरकार द्वारा नियुक्ति की प्रणाली शुरू की थी. इसी संशोधित धारा का सहारा लेकर भारतीय जनता पार्टी के मुलुंड - मुंबई के विधायक तारा सिंह ने गुरुद्वारा बोर्ड अध्यक्ष पद पर कब्ज़ा किया था. शुरुवात में जब संगत द्वारा विरोध हुआ तो तारासिंह ने वायदा किया था की धारा ११ के अध्यादेश को रद्द करवाया जायेगा. तीन सालों में तारासिंह ने अपना वायदा नहीं निभाया. खैर राजनितिक नेता तो अपने स्वार्थ के सामने वायदे करते हैं और परिस्थिति बदलने पर वायदे भूल भी जाते है. फिर तारासिंह को तो गुरुघर में सत्ता करनी थी वो कैसे अपना वायदा निभाते. सत्ता के लिए तो उन्होंने गुरुघर के अध्यक्ष पद का सरकारीकरण कर दिया. उनसे ज्यादा उम्मीद नहीं रख सकते लेकिन अन्य मेंबर साहिबान क्यों अपने जमीर पर तीन वर्षों तक सरकारीकरण का बोझ ढाते रहे और ढा रहे हैं समझ नहीं आता. गुरुघर के सेवक के रूप में अपना परिचय देनेवाले ये लोग अपनी स्वतंत्रता सरकार के अधीन रखें हुए हैं. मेरा सवाल सभी मेंबर साहिबान से है और जो मेंबर बनने के सपने देख रहे हैं उनसे हैं कि, क्या अपने जमीर पर सरकारी नियुक्त अध्यक्ष की गुलामी का बोझ लेकर गुरुघर की सेवा करना चाहते है? गुरुद्वारा बोर्ड के मेंबर साहिबान के अधिकार है कि वे अपना अध्यक्ष खुद चुने. अपने अधिकार छिन जाने का क्या जरा भी मलाल नहीं हो रहा?
इस समय समाज का एक घटक तीन सीटों के चुनावों की मांग लेकर आंदोलन चला रहा है. जो लोग बोर्ड का मेंबर बनने की लालसा लेकर आंदोलन चला रहे हैं, उन्हें कलम ११ को लेकर भी अपनी भूमिका स्पष्ट करनी चाहिए. तीन सालों में किसीने भी इस विषय पर आवाज नहीं उठाई है. क्यों ?

(कृपया आपकी प्रतिक्रियाएं आप निम्नलिखित स्थान पर दे सकते हैं. )

मंगलवार, 12 जून 2018

गुरुद्वारा लोहगढ़ साहब (लोहा) में : 
भगत धन्ना जी जन्मदिवस उपलक्ष में सालाना जोड़ मेला 
१५ जून को भव्य लंगर प्रसाद कार्यक्रम 
भगत धन्नाजी साधु संतों और भूखों की सेवा करते हुए. 

हजूर साहिब, नांदेड़ - श्री आदि गुरु ग्रन्थ साहिब जी के ३६ गुरुओं में एक गुरु, भगत धन्ना जी के जनम दिवस उपलक्ष्य में गुरुद्वारा लोहगढ़ साहिब (लोहा, लातूर रोड़ ) स्थान पर ता. १३ जून २०१८ से ता. १५ जून २०१८ तक विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा हैं. 

गुरुद्वारा लंगर साहिब के जत्थेदार संत बाबा नरिंदर सिंघजी कारसेवा वाले और संत बाबा बलविंदर सिंघजी कारसेवा वाले ने यहाँ जानकारी दी कि, भगत धन्ना जी का जनम दिवस हर साल गुरुद्वारा लंगर साहिब द्वारा गुरुद्वारा लोहगढ़ स्थान पर मनाया जाता है. इस साल भी ये तीन दिवसीय समागम बड़ी श्रदा के साथ मनाया जा रहा है.  श्री अखंडपाठ आरंभ होंगे. ता. १५ जून को श्री अखंड पाठ साहिब की समाप्ति की जाएगी. 


इस अवसर पर तखत सचखंड श्री हजूर साहिब के मुख्य जत्थेदार संत बाबा कुलवंत सिंघजी और पंजप्यारे साहिबान की प्रमुख उपस्थिति होगी. साथ ही गुरुद्वारा माता साहिब और श्रोमणि अकाली बुड्ढा दल (९६ करोड़ी ) के  जत्थेदार संत बाबा प्रेम सिंघजी, ज्ञानी और प्रतिष्ठित नागरिक तथा साध सांगत जी उपस्थित होंगे. 
धार्मिक कीर्तन दरबार और लंगर प्रसाद कार्यक्रमों में समूह साध संगतजी और सर्वधर्मिय श्रद्धालुगण उपस्थित रहें ऐसी अपील संत बाबा नरिंदर सिंघजी और संत बाबा बलविंदर सिंघजी कारसेवा वालों द्वारा की गई है. 

(कृपया आपकी  प्रतिक्रियाएं आप निम्नलिखित स्थान पर दे सकते हैं. )

सोमवार, 11 जून 2018

गुरुद्वारा बोर्ड चुनाव की मांग लेकर अब आमरण अनशन शुरू 
सामूहिक आत्मदाह की चेतावनी 
नांदेड़ स्थित गुरुद्वारा बोर्ड के चुनाव करवाने की माँग लेकर सोमवार को जिलाधीश अरुण डोंगरे को ज्ञापन सौंपते हुए सिख समाज के स्थनीय नेता और कार्यकर्ता. 

 हजूर साहिब नांदेड़ - यहाँ के जिलाधीश कार्यालय के सामने गत एक जून से शुरू चकरी अनशन को सोमवार (ता. ११ जून, २०१८) से आमरण अनशन में परिवर्तित कर चुनाव नहीं करवाने की स्थिति में सामूहिक आत्मदाह करने की चेतावनी दी गई.
इन मांगों का एक ज्ञापन नांदेड़ के जिलाधीश श्री अरुण डोंगरे को एक शिष्टमंडल द्वारा सौंपा गया.  जिलाधीश से जल्द चुनाव करवाने की गुहार लगाई गई है.  इस दौरान चकरी अनशन को आमरण अनशन में रूपांतरित कर दिया गया. मनप्रीत सिंह कुंजीवाले ने सोमवार को आमरण अनशन शुरू कर दिया.
नांदेड़ के जिलाधीश के नाम सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया है कि गुरुद्वारा बोर्ड चुनाव को लेकर अनशन जारी है. वर्ष २०१२ में बोर्ड के चुनाव हुए थे. तीन साल के बाद चुनाव जरुरी थे. अवधि समाप्त होने के बाद भी महाराष्ट्र सरकार के राजस्व विभाग ने चुनाव करवाए और ना बोर्ड को बर्खास्त किया.

आज धरना अनशन में इंद्रजीत सिंह गल्लीवाले, मोहनसिंह गाड़ीवाले, देवेंद्र सिंह विष्णुपुरिकार, जसपाल सिंह लांगरी, गुरमीत सिंह बेदी, तेजपालसिंह खेड़, बन्दीछोड़सिंघ, शेरसिंघ सिलेदार, मनबीर सिंह ग्रंथि, अवतारसिंह पहरेदार सहित बड़ी संख्या में सिख समुदाय के लोग उपस्थित थे.
------
(कृपया आपकी शुभकामनाएं या प्रतिक्रियाएं आप निम्नलिखित स्थान पर दे सकते हैं. )

रविवार, 10 जून 2018

अमरीका में पहला गुरुद्वारा 

अमरीका जैसे समृद्ध राष्ट्र में सिख समुदाय द्वारा लगभग एक सौ  तीन वर्ष पूर्व स्टॉकटन शहर (कैलिफ़ोर्निया) में पहले गुरुद्वारा की स्थापना की गई. जिसे अमरीका में सिख टेम्पल के नाम से जाना जाने लगा था.  प्रथम विश्व युद्ध प्रारंभ होने के पश्च्यात इंग्लैंड और अन्य देशों में बसें सिख समुदाय अमरीका में पहुँचने लगे थे. ब्रिटिश फ़ौज में कार्यरत सिख भी युद्ध के लिए अमरीका पहुँच गए. अमरीका में भारत से पहुंचे भारतीयों ने और सिखों ने सैनिक सिखों का आदर किया. नियमित पाठपूजा करनेवाले सिख अब सैनिक सिखों के साथ मिलकर खुले में ही श्री गुरु ग्रन्थ साहिब जी के स्वरुप को प्रकाशमान कर पूजा पाठ और कीर्तन करने लगे. जिसके बाद सभी ने मिलकर वहां गुरुद्वारा शुरू करने पहल शुरू की. जिसे अमरीका सरकार ने तुरंत मान्यता भी प्रदान कर दी.  भीतर ही दो मंजिला गुरुद्वारा की ईमारत का निर्माण हो गया. सिखों की लगन और समर्पित भक्ति के कारण ही आज अमरीका जैसे राष्ट्र में हर शहर में एक गुरुद्वारा दिखाई देता है. 



Please see the link
The first Gurudwara opened in Stockton, California, America.
(In 1915)






https://twitter.com/IndiaHistorypic/status/1005851359948619777
महाराष्ट्र मंत्रिमंडल का विस्तार शीघ्र 
(File photo of Cabinet)

मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की इच्छा है कि विधानसभा के आगामी बरसाती अधिवेशन से पूर्व महाराष्ट्र मंत्री मंडल का विस्तार दिया जाए. एक सप्ताह पूर्व भाजपा के राष्ट्रिय अध्यक्ष अमित शाह ने मुंबई का दौरा किया था. उस दौरे के दौरान अमित शाह और देवेंद्र फडणवीस में मंत्री मंडल विस्तार  संबंध में विचार विमर्श हुआ. शिवसेना से भी विस्तार को लेकर बात छेड़ी गई थी ऐसी चर्चा है. आगामी लोकसभा और विधानसभा चुनावों को मद्देनजर ये मंत्री मंडल विस्तार का निर्णय लिया गया है. मंत्री मंडल विस्तार के समाचार के साथ ही भाजपा विधायकों में स्फूर्ति छा गई है. कहा जा रहा है कि, नए मंत्रियों की सूचि मुख्यमंत्री की जेब में बनकर तैयार है. अब देखना की डेढ़ वर्ष के लिए किसका भाग्य जागता है. 

मराठवाड़ा में अगले २४ घंटों में 
भारी बरसात की संभावना 

नांदेड़ (हजूरसाहिब) - मराठवाड़ा के नांदेड़ सहित आठ जिलों में और तेलंगाना के सीमावर्ती क्षेत्रों में अगले २४ घंटों में भारी बरसात होने  संभावना जताई जा रही है. तेज हवा बहने के साथ बड़ी बारिश की उम्मीद है. रविवार (ता. १० जून) की देर शाम नांदेड़ और आसपास के क्षेत्रों में भारी बारिश होने से शहरी इलाके जलमय हो गए. ग्रामीण क्षेत्र में  बारिश का प्रभाव बना रहा. सोमवार  मंगलवार को बारिश होने के स्पष्ट आसार है. 
हार्दिक शुभकामनाएँ 

सरदार रूपेंद्र सिंघ जी शाहू को 
जन्मदिवस के उपलक्ष में हार्दिक शुभ कामनाएं और बधाई. 
: शुभेच्छुक :
रविंदर सिंह मोदी 
--

जन्मदिवस की हार्दिक शुभकामनायें 


नांदेड़ के व्यावसायी और पूर्व गुरुद्वारा प्रशासकीय समिति सदस्य 
सरदार मोहिंदरपाल सिंघ सब्बरवाल को जन्मदिवस के अवसर पर 
हार्दिक शुभकामनाएं। 
शुभेच्छुक :
 रविंदर सिंह मोदी, 
परमेश्वर पवार, 
बंटी सिंह खालसा, 
सेवक सिंह जहागिरदार 
और मित्र परिवार. 
जन्मदिवस की हार्दिक शुभकामनाएँ 


(सरदार लड्डू सिंघ  महाजन )

गुरुद्वारा तखत सचखंड बोर्ड नांदेड़ (हजूरसाहिब) के पूर्व अध्यक्ष 
सरदार लड्डू सिंघ महाजन को जनम दिवस की हार्दिक शुभकामनाएँ।
(संपर्क - 09422172197 )
गुरुद्वारा सचखंड बोर्ड कानून १९५६ की धारा ११ संबंध में अध्यादेश रद्द करने की मांग 
तीन सदस्यों ने कहा, "निष्पक्ष चुनाव करवाए जाए "


दक्षिण भारतीय सिखों की सर्वोच्च धार्मिक संस्था तखत सचखंड बोर्ड नांदेड़ (हजूरसाहिब) के साधसंगत में से चुनकर आनेवाले तीन सदस्यों के चुनाव करवाने की मांग को लेकर यहाँ चल रहे अनशन में एक जबरदस्त मोड़ आ गया क्योंकि, पिछले चुनाव में निर्वाचित तीनों सदस्यों ने शनिवार (ता. ९ जून, २०१८) को यहाँ एक प्रेस विज्ञप्ति जारी करते हुए  न सिर्फ बोर्ड के निष्पक्ष चुनाव करवाने की मांग की बल्कि वर्ष २०१५ में १८ फरवरी को महाराष्ट्र सरकार द्वारा बोर्ड अध्यक्ष की सीधी नियुक्ति करने के संशोधित अध्यादेश को रद्द करने की भी मांग की है. विज्ञप्ति पर सदस्य गुरुमीत सिंह महाजन, राजेंद्र सिंह पुजारी और शेर सिंह फौजी के दस्तखत है. 
उल्लेखनीय है कि महाराष्ट्र विधान सभा में बोर्ड पर सीधी नियुक्ति के लिए अध्यादेश पारित करवाकर भाजपा विधायक सरदार तारा सिंह  तखत सचखंड बोर्ड के सरकार नियुक्त अध्यक्ष बने थे. महाराष्ट्र सरकार द्वारा हजुरसाहिब के सिखों की राय जाने बगैर ही विधान सभा में अध्यक्ष नियुक्ति करने का अध्यादेश पारित कर गुरुद्वारा बोर्ड के सदस्यों के उस मौलिक अधिकार को समापत कर दिया था जिससे वे बहुमत से अपना अध्यक्ष स्वय चुन सकते थे.
वर्ष २०१२ में साधसंगत मतदाताओं में चुनकर आये सदस्यों का कहना है कि वर्ष २०१५ में सरकार ने बोर्ड बनाया. जिसके तीन साल की अवधि समाप्त हो चली है. ऐसे में हर तीन साल बाद बोर्ड बर्खास्त कर चनाव करवाए जाने चाहिए. जैसे कि गुरुद्वारा बोर्ड के चुनावों के लिए चुनाव प्रक्रिया बहुत कठिन है और साधसंगत में निष्पक्ष चुनावों की बात है, वहां गुरुद्वारा बोर्ड के प्रधान द्वारा राजस्व विभाग को पत्र देने से सिख मतदाताओं में एकतरह से संभ्रम की आवस्था बनी हुई है. इस बात को नजर में रखते हुए बोर्ड बर्खास्त कर चुनाव प्रक्रिया शुरू करनी चाहिए. 
विशेष प्रस्ताव पारित करे सभी सदस्य 
इन सदस्यों ने यह भी मांग की है कि, अति शीघ्र बोर्ड की बैठक आमंत्रित कर बैठक में सभी सदस्यों की आम सहमति से बोर्ड के चुनाव करवाने और बोर्ड बर्खास्त करने के निर्णय पारित किये जाने चाहिए.  इस मांग का एक पत्र महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री, राजस्व मंत्री और नांदेड़ के जिला कलेक्टर को भी भेजा जा रहा हैं ऐसी जानकारी सरदार राजेंद्र सिंह पुजारी ने यहाँ दी. 





शनिवार, 9 जून 2018


बारिश से मुंबई नगरी हुई जलमय


तेज बारिश और हवा से मुंबई नगरी का जनजीवन अस्तव्यस्त हो गया है. मुंबई में तेज हवा और कड़कती बिजली के साथ तेज़ बरसात शुरू होने बाद अधिकतर रास्तें जलमय हो गए हैं. शनिवार तड़के ( रात) के करीब तीन बजे से हिंदमाता, दादर, जोगेश्वरी, कुर्ला, सायन और कई दूसरी जगहों पर बारिश अब भी जारी है.  मौसम विभाग ने 9 जून से लेकर 11 जून तक मुंबई में भारी बारिश की चेतावनी जारी कर चुका है.



 परिवहन मंडल कर्मचारियों की हड़ताल से 
१५ करोड़ का घाटा 

महाराष्ट्र परिवहन महामण्डल के बस कमर्चारी अघोषित हड़ताल पर हैं. जिसके कारण प्रदेश में सरकारी बस सेवा प्रभावित हुई है. पिछले २४ घंटों की हड़ताल से परिवहन महामण्डल के राजस्व में करीब पंद्रह करोड़ का घाटा होने का अनुमान है. बस कर्मचारियों की इस हड़ताल में शिवसेना के कर्मचारी संघटनों को छोड़कर अन्य सभी संघटन शामिल होने की बात कही जा रही है. दूसरी ओर हड़ताल पर उतरे कर्मचारी संघटनों के नेता और कर्मचारियों की मुंबई में धरपकड़ शुरू होने से हड़ताल का रूप और भी आक्रमक होने के आसार है.
बस कर्मचारियों के हड़ताल के चलते आर.टी.ओ. विभाग द्वारा टैक्सी वाहनों और निजी वाहनों को यात्री वहन की अनुमति प्रदान की गई है.

नांदेड़ शहर में बस सेवा जारी :
नांदेड़ शहर के मध्यवर्ती बस स्थानक द्वारा बस सेवा जारी रखी हुई है. जिससे यात्रियों ने राहत की साँस ली है. हालांकि ग्रामीण क्षेत्र के डेपो अंतर्गत आंदोलन का माहौल बना हुआ है. लेकिन सिटी बस और नांदेड़ से बाहर शहरों के लिए सेवा जारी है.

शुक्रवार, 8 जून 2018

नांदेड़ जिले में अतिवृष्टि की चेतावनी 
बारिश से शहर बेहाल, आसना नदी का जलस्तर बढ़ा 
---


(नांदेड़ शहर के भीतर से बह रही आसना नदी का जलस्तर बढ़ गया है. नदी उफान पर है. )


महाराष्ट्र के नांदेड़ जिले में विगत दो दिनों की बरसात से मौसम खुशाल हो गया. नदी, नालों और तालाबों के जलस्तर में वृद्धि होने के समाचार है. एक ओर जहां ग्रामीण क्षेत्र में किसानों में खुशाली का वातावरण बना हुआ है वहां नांदेड़ शहर क्षेत्र में लेकिन बारिश का पानी सड़कों पर जमा है. शहर के कई हिस्सें पानी से प्रभावित हुए है और जनजीवन पर खासा असर हुआ है. नांदेड़ शहर के उत्तरी छोर से बह रही आसना नदी का जलस्तर काफी ऊपर चढ़ गया है और नदी किनारे बसें गावों को सतर्क किया गया है. नांदेड़ जिले में दो दिनों में औसतन ६० मीमी बारिश होने के समाचार है. 
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है की आगामी सोमवार यानी ११ जून २०१८ तक नांदेड़ जिले में अतिवृष्टि होने के आसार है. तीन दिनों तक नांदेड़ और आसपास की जिलों को बारिश प्रभावित कर सकती है. 
--------



(दो दिनों की बारिश से नांदेड़ शहर के रास्तों के बुरे हाल हो गए हैं. 
रास्तों पर पानी जमने के कारण यातायात भी बाधित हो रही है.)
अमित शाह और प्रकाशसिंह बादल की मुलाकात 
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अमित शाह का सत्कार करते हुए शिरोमणि अकाली दल (बादल) के प्रधान  सरदार प्रकाश सिंह बादल. साथ में सुखबीर सिंह बादल दिखाई दे रहे है. 
-----------

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री और शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष प्रकाश सिंह बादल से मुलाकात कर वर्ष २०१९ में होनेवाले लोकसभा चुनावों के संबंध में चर्चा की. इस समय पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल भी मौजूद थे. 
पंजाब लोकसभा में शिरोमणि अकाली दल के  और भाजपा का  लोकसभा सांसद हैं. जबकि कांग्रेस के  और आम आदमी पार्टी के ४ सांसद है. पंजाब को लेकर भाजपा की चिंता यहाँ बढ़ जाती है. क्योंकि उसकी तैयारी आगामी लोकसभा के चुनावों में ३२५ सीटों को जीतने की हैं. भाजपा जैसे ही हाल अकाली दल के भी है. 
पंजाब में कॉग्रेस की सरकार है. विपरीत परिस्थितियों में पंजाब में सांसदों की संख्या बढ़ाने के लिए प्रकाश सिंह बादल को नयी नीतियां अपनानी होगी. अमित शाह से बादल की मुलाकात पंजाब की राजनीती को कौनसी दिशा प्राप्त होगी ये आनेवाला समय ही बताएगा. 
गुरुद्वारा बोर्ड के तीन सदस्यों के चुनाव संबंध में
एक सप्ताह में निर्णय होने की संभावना 
तखत सचखंड श्री हजुरसाहिब बोर्ड अंतर्गत तीन सदस्यों के चुनाव करवाने हेतु महाराष्ट्र सरकार का राजस्व मंत्रालय आगामी एक सप्ताह में निर्णय लेने की संभावना है. नांदेड़ जिलाधीश कार्यालय और गुरुद्वारा बोर्ड कार्यालय द्वारा चुनाव करवाने के लिए अनुकूलता दर्शाई है.
जिलाधीश कार्यालय द्वारा दो बार राजस्व मंत्रालय को चुनाव संबंधी प्रस्ताव भेजा गया था. छह माह में मंत्रालय ने उस ओर कोई पहल नहीं की थी. लेकिन विधायक एव गुरुद्वारा बोर्ड के अध्यक्ष ने सरकार को चुनाव करवाने संबंध पत्र भेजकर सरकार की दुविधा कम कर दी है. जिसके बाद गुरुद्वारा बोर्ड चुनाव क्षेत्र (मराठवाड़ा)  अलग - अलग जिलों के सिख मतदाताओं की सूचि तैयार करने का कार्य किया जायेगा.
अनुमान है कि अगले सितम्बर अथवा अक्टुम्बर माह में बोर्ड के तीन सदस्यों के चुनाव करवाएं जा सकते हैं.  चुनाव दिसम्बर २०१२ में करवाएं गए थे. बोर्ड के चुनावों को लेकर सिख समाज का एक समूह जिलादिश कार्यालय के सामने अनशन पर बैठा हैं.  इस अनशन को कांग्रेस, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी, शिवसेना और कुछ पार्टियां अपना समर्थन जता चुकी है. 

(नांदेड़ के जिलाधीश कार्यालय के सामने प्रदर्शन कर रहे अनशनकर्ता इंदरजीत सिंह गल्लीवाले, देवेंद्रसिंह मोटरावाले, मोहनसिह गाड़ीवाले, मनबीर सिंह ग्रंथि, मनप्रीत सिंह कुँजीवाले, अवतारसिंह पहरेदार, तेजपाल सिंह खेड़, कर्नल सिंह गाड़ीवाले, बलजीत सिंह और अन्य. )

गुरुवार, 7 जून 2018



समाचार : 
गुरुद्वारा बोर्ड के प्रधान तारासिंह का राजस्व मंत्री को पत्र

रविंदर सिंह मोदी

                        
महाराष्ट्र के नांदेड़ शहर स्थित गुरुद्वारा तखत सचखंड बोर्ड के सरकार नियुक्त प्रधान श्री तारा सिंह (विधायक, भाजपा) ने ता. ७ जून, २०१८ को महाराष्ट्र के राजस्व मंत्री श्री चंद्रकांत पाटिल को एक पत्र भेजकर मांग की है कि गुरुद्वारा तखत सचखंड बोर्ड संस्था के संगत (मतदाताओं) द्वारा चुनकर भेजे गए तीन सदस्यों का कार्यकाल समाप्त होने के कारण तीन सदस्यों की चयन प्रक्रिया शुरू की जाएं। जिन तीन सदस्यों  कार्यकाल समाप्त होने का जिक्र किया गया है , सदस्य शेर सिंह फौजी, गुरमीत सिंह महाजन और राजेंद्र सिंह पुजारी है. पिछले चुनाव वर्ष २०१२ के दिसंबर माह में संपन्न हुए थे. लेकिन विधायक तारासिंह  महाराष्ट्र सरकार ने फ़रवरी - मार्च २०१५ में सीधे अध्यक्ष के तौर पर नियुक्ति देने के बाद बोर्ड का गठन सरकार द्वारा किया गया था. तारा सिंह की सीधी नियुक्ति और बोर्ड गठन भी तीन साल का समय पूर्ण हो गया है. लेकिन तारासिंह द्वारा बोर्ड बर्खास्त करने की मांग न करते हुए केवल तीन सदस्यों के चुनाव करवाने की सिफारिश की है जो की गुरुद्वारा बोर्ड कानून १९५६ की गरिमा के विपरीत है. 
गुरुद्वारा बोर्ड कानून के तहत मतदाताओं द्वारा निर्वाचित सदस्यों और बोर्ड के अध्यक्ष का कार्यकाल तीन वर्ष है. जिसके कारण तीन सदस्यों  चुनाव करवाने के साथ ही बोर्ड भी बर्खास्त किया जाना न्यायसंगत है. गौरतलब कि भाजपा विधायक तारा सिंह अपनी इच्छा सरकार लादकर मनमुताबिक कार्य महाराष्ट्र सरकार से करवा रहे हैं. सरदार तारासिंह पहले भी प्रधान पद पाने के लिए गुरुद्वारा बोर्ड कानून १९५६ में जबरन संशोधन करवाकर बोर्ड का प्रधान सरकार द्वारा नियुक्त करने का कानून पारित करवा चुके हैं. उन्होंने ऐसा करते हुए बोर्ड सदस्यों को मिले अध्यक्ष चुनने का लोकतांत्रिक अधिकार भी छिन लिया है. पहले मुख्यमंत्री को प्रधान चयन के लोकतान्त्रिक अधिकार को बहाल करना चाहिए ऐसी मांग यहाँ उठ रही है. 
उल्लेखनीय है कि गुरुद्वारा बोर्ड के तीन सदस्यों के चुनाव करवाने की मांग लेकर स्थानीय राजनीती से जुड़े लोग जिलाधीश कार्यालय के सामने अनशन पर है. अनशनकर्ताओं की मांग पर सावधानी बरतते हुए प्रधान तारासिंह द्वारा राजस्व मंत्री को भेजकर चुनाव करवाने की मांग तो की गई पर साथ ही छुपे तौर पर ये भी संकेत डाला कि  "मेरा पद कायम रखते हुए केवल तीन सदस्यों के चुनाव करवाएं जाएं "
---------  
(कृपया आपकी प्रतिक्रियाएं आप निम्नलिखित स्थान पर दे सकते हैं. )

                                                (महाराष्ट्र के नांदेड़ जिले में स्थित पेनगंगा नदी का जलस्तर बारिश के कारण ऊपर चढ़ रहा है.) 

समाचर : 

पेनगंगा नदी  जलस्तर चढ़ा. 
तारीख  ,२०१८ 
नांदेड़ (महाराष्ट्र) में मृग नक्षत्र आरम्भ होने  पूर्व ही बारिश शुरू होने से किसानों के चेहरें खिल उठे हैं.  दो दिनों की मध्यम बरसात से नांदेड़ से यवतमाल (विदर्भा) की ओर बहनेवाली पेनगंगा नदी  जलस्तर ऊपर चढ़ा गया. जिससे  हिमायतनगर तहसील में  एक छोटे पूल का हिस्सा ढह जाने के   समाचार हैं. पूल ढहने के बाद यातायात भी घंटों बाधित रही. पेनगंगा नदी के पानी का लाभ इसापुर बाँध के संग्रहण के लिए होता है. नदी के जलस्तर चढ़ने से नांदेड़ और यवतमाल जिलों को सतर्कता बरतने के निर्देश जारी हुए है. 


-----
  • सैर के लाभ... 
 रविंदर सिंह मोदी..

मई और जून महीने में भारतीय लोग सैर-सपाटे में समय बिताने की जद्दोजहद में लगे होते हैं. बच्चों के स्कूलों में व्याकेशन होते हैं. अपने घर से चार दिन बाहर बिताकर लोग कुछ समय के लिए काम-धंदे की थकान, कार्यालयीन काम का तनाव भूलने का प्रयास करते हैं. लाखों भारतीय अपना घर छोड़कर कहीं न कहीं की सैर पर हैं. लेकिन यह सब कुछ वर्ष में एक बार व्याकेशन के समय देखने को मिलता हैं. हमारे प्रधान मंत्री भी अक्सर विदेश नीति को मजबूत बनाने के इरादे से विदेशों की सैर कर आते हैं. 
सैर की बात से याद आया कि, सैर करना स्वस्थ्य के लिए भी लाभकारी होता है. इन दिनों हमारे भाजपा अध्यक्ष अमित शाह भी सैर पर है. कल ही उन्होंने मुंबई की राजनीतिक यात्रा के तहत `मातोश्री` पहुंचकर शिवसेना कार्याध्यक्ष उद्धव ठाकरे से मुलाकात की. लता दीदी से उनकी मुलाकात नहीं हो पाई हो लेकिन माधुरी दीक्षित से मिलकर उन्होंने बॉलीवूड पर भी अपनी दृष्टि डाल ही दी. सुना है मुंबई की सैर के तुरंत परिणाम भले ही सामने न आये हो लेकिन उसके दीर्घ परिणाम के लाभ अमित शाह और बहुत हद तक मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के हक़ में आने की उम्मीद है. अमित शाह ने मातोश्री की यात्रा कर शिवसेना के लिए एक तरह से मुसीबतें बढ़ाने का प्रयत्न किया हैं. 
पालघर के चुनावों में शिवसेना को भले जीत ना मिली हो लेकिन उसने भाजपा का वर्ष २०१९ के चुनावों का रास्ता तंग कर दिया है. जाहिर है कि शिवसेना आगे भी भाजपा पर अपना दायरा कसने का लगातार प्रयास करेगी. भाजपा अध्यक्ष अमित शाह हिन्दू मतदाताओं को ये सन्देश देना चाह रहे है कि हिन्दू मत विभाजन से कांग्रेस और अन्य पार्टियां लाभ ले सकती हैं. हिन्दू मतदाताओं की प्रतिक्रियाओं का दबाव शिवसेना पर बढ़ाने की नियत से ही भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने शिवसेना के साथ गठबंधन की पेशकश की है. 
शिवसेना को महाराष्ट्र में अपना अस्तित्व जीवित रखने के लिए स्वयंबल पर चुनाव लड़ना बेहद जरुरी है. अमित शाह की मातोश्री पर भेट एक तरह से शिवसेना पार्टी में गठबंधन को लेकर आंतरिक कलह और विवाद बढ़ा सकती है. अब अमित शाह पंजाब की सैर कर पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल के साथ भी चर्चा करने जा रहे है. पंजाब को लेकर अमित शाह की नीति वो नहीं है जो महाराष्ट्र में शिवसेना को लेकर है. यहाँ तो भाजपा को एक ही बात खटक रही है और वो है कांग्रेस की सत्ता. देखना है कि पंजाब की सैर के भाजपा को क्या लाभ होते हैं.  
----------


मंगलवार, 5 जून 2018


शिलॉन्ग में सिखों पर हो रहे हमलें चिंताजनक 

      पूर्वोतर में मेघालय के शिलॉन्ग शहर में पिछले तीन-चार दिनों से सिख और पंजाबी परिवारों पर सांप्रदायिक हमले हो रहे हैं. सिखों के घरों और व्यवसाय को नुकसान पहुंचाया जा रहा है. पुलिस ने सिखों  को उनके घरों से निकालकर शरणार्थी शिविरों में पहुंचाया है. इन शिविरों में बुजुर्ग, महिला, छोटे बच्चों सहित सात सौ से अधिक सिख अपनी जान बचाएं शरणार्थी बने हुए हैं. सिखों पर त्रासदी छाई हुई है. 
      शिलॉन्ग शहर में विगत ४० वर्षों से सिख पंजाबी परिवार रह रहें हैं. कुछ सेना से सेवानिवृर्त्त सिख यहीं बस गए. तो कुछ परिवार व्यवसाय के के लिए यहाँ आकर बस गए थे. शिलॉन्ग में सिखों के पहले गुरु, श्री गुरु नानक देव जी का ऐतहासिक गुरुद्वारा विद्यमान है. गुरु नानक देव जी अपनी उदासी के दौरान मेघालय में ठहरे थे. उनका ऐतहासिक गुरुद्वारा `श्री नानक दरबार` यहाँ शोभायमान है और सिख बड़ी श्रद्धा के साथ वहां सेवा अर्चना कर  हैं.
      शिलॉन्ग शहर में सिखों की आबादी एक हजार से भी कम बताई जा रही है. बरसों से यहाँ के सिख बड़ा बाज़ार और पंजाबी लाइन में रहते हैं. सिखों पर हो रहें हमलें नियोजित और योजनाबद्ध लग रहे हैं. सिखों की जमीनों और सम्पत्ति पर नज़र रखें हुए कुछ लैंड माफ़िया और कुछ राजनेताओं की मिलीभगत से सिखों पर ये घटनाएं लादी जा रहीं हैं ऐसा आरोप शिलॉन्ग के निवासी सिखों ने लगाया हैं. गुरुद्वारा की डेढ़ एकड़ भूमि लेकर एक मामला उच्च-न्यायालय में चल रहा था जिसके नतीजे गुरुद्वारा के पक्ष में आने के बाद से ही वहां के लैंडमाफ़िया सक्रिय हो उठें. उनके जरिये पहले सिखों के खिलाफ सांप्रदायिक द्वेष फैलाया गया और पश्च्यात सिखों पर हमले शुरू किये गए.
     शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी और दिल्ली गुरुद्वारा प्रबंधक कमिटी द्वारा शिलॉन्ग के सिखों के लिए पहल शुरू की गई हैं. एसजीपीसी का एक शिष्टमंडल भी शिलॉन्ग के गुरुद्वारा नानक दरबार साहिब में उपस्थित है. शिलॉन्ग परिवारों के सुरक्षा की समस्त जिम्मेदारी मेघालय सरकार और केंद्र सरकार की है. मेघालय की सरकार को लैंडमाफ़िया के दबाव में नहीं काम करना चाहिए. सिखों पर किये जा रहे हमलें चिंताजनक तो है साथ ही निंदनीय भी हैं. पूर्वोत्तर राज्यों में सिख परिवार बहुत कम संख्या में है. ऐसे में अल्पसंख्यंक सिखों पर हमलें देश की सरकार  लिए भी चिंता की बात है. सभी धर्मों को एक दूसरे धर्म के साथ आदर और भाईचारे के साथ रहना चाहिए और हमारा संविधान हमें यही सिखाता है. दुआ करों की शिलॉन्ग सरकार का सदविवेक जागृत हो और सिखों की सुरक्षा हो.
-----------
रविंदर सिंह मोदी....  

शनिवार, 2 जून 2018

भविष्य के लिए निर्णय : 
लंगर सेवा की सामग्री जीएसटी से मुक्त करना मानवी सवेंदनाओं को सन्मान देना और सामाजिक सदभाव को बढ़ावा देना है. भारत सरकार के जीएसटी हटाने के निर्णय से भारत जैसे विशाल जनसंख्या वाले देश में भविष्य में एक अनूठी क्रांति का सूत्रपात होगा. आज भले ही लंगर सेवा गुरुद्वारों में संचालित होती है अथवा किसी आपात स्थिति में इसका प्रयोग होता है. लेकिन विशाल जनसंख्यावाले इस देश में भविष्य में भूखमरी, दरिद्रता, गरीबी से लड़ने के लिए भी लंगर सेवा कारगर साबित होगी. भारत  देश में सिखों की जनसंख्या डेढ़ प्रतिशत के लगभग है. देश स्वतंत्र होने के बाद ७० वर्षों में सिखों की जनसंख्या पांच से छह करोड़ रहनी चाहिए थी. लेकिन सिखों की संख्या सिमित ही नहीं सिमटकर रह गई. बँटवारे के समय लाखों निर्दोष सिखों की हत्या हुई. स्वतंत्र भारत में भी सिखों की हत्याओं का दौर नहीं थमा. देश की सुरक्षा में अग्रणी सिख स्वंत्रता आंदोलन में भी जान न्यौछावर करते रहें, आज भी सीमा की रक्षा में जान न्यौछावर कर रहे हैं. ऐसे सिख धर्म अथवा जाति में लंगर सेवा की प्रथा महान सिख गुरुओं ने शुरू की और सिख गुरुओं की महान सेवा की विरासत आज भी कर्तव्य परायणता के रूप में निभाई जा रही है. यदि सिख धर्म को उसके इतिहास, बलिदान और सेवाभाव के बदले में लंगर सामग्री खरीदने या खरीदने के बाद चुकाई गई जीएसटी रिफंड करने का निर्णय सरकार ने किया है तो एक तरह से सिखों को न्याय को न्याय मिला है. जीएसटी माफ़ करने के लिए हर जगह से मांग उठ रही थी. सरकार ने मांग पर सकारात्मक विचार किया ऐसा मुझे लगता है. 
रविंदर सिंह मोदी.... 

hajursahibblogspot.com: हजूर साहिब, नांदेड़ की पवन धरती से यह ब्लॉग शुरू कर...

hajursahibblogspot.com: हजूर साहिब, नांदेड़ की पवन धरती से यह ब्लॉग शुरू कर...: हजूर साहिब, नांदेड़ की पवन धरती से यह ब्लॉग शुरू कर रहा हूँ. यह ब्लॉग वर्तमान का अवलोकन होगा और बीतें पलों की समीक्षा होगी. विषय का कोई बंधन...

बुधवार, 30 मई 2018

हजूर साहिब, नांदेड़ की पवन धरती से यह ब्लॉग शुरू कर रहा हूँ. यह ब्लॉग वर्तमान का अवलोकन होगा और बीतें पलों की समीक्षा होगी. विषय का कोई बंधन नहीं होगा. राष्ट्रवाद और नागरिकत्व मेरे लिए महत्वपूर्ण है. विश्वाभाईचारा, मानवता और पत्रकारिता जैसे तत्व मेरी विचारधारा में प्रमुख हैं. आशा है आप समय समय पर मेरी भावनाओं को सराहेंगे और मुझे सलाह भी आवश्य देंगे. यह मेरा पहला पोस्ट है. 
रविंदर सिंह मोदी....  

  होली हल्ला महल्ला यात्रा मार्ग की दुरुस्ती करें : मनबीरसिंघ ग्रंथी राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद पवार समूह) के युथ प्रदेश सचिव स. मनबीर...